मॉर्निंग वॉक से लौट रहे रिटायर्ड चीफ इंजीनियर से चेन स्नैचिंग, बाइक सवार दो बदमाश फरार
एआइ से बनायी तस्वीर
पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक से लौट रहे एक रिटायर्ड चीफ इंजीनियर से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की दो चेन लूट लीं. घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
Chain snatching in Patna : पटना जिले के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक से लौट रहे रिटायर्ड चीफ इंजीनियर शारदानंद शर्मा के गले से सोने की दो चेन झपट लीं. वारदात पुनाईचक स्थित हर्बल पार्क के पास सुबह करीब सात से 7:30 बजे के बीच हुई. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गये.
पीछे से पहुंचे बदमाश, झपट्टा मारकर चेन छीनी
शारदानंद शर्मा शास्त्री नगर इलाके के विनाशरी अपार्टमेंट में रहते हैं. जानकारी के अनुसार, वह सुबह घर के पास स्थित हर्बल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए गये थे. वहां से लौटने के दौरान पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे. बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने मौका मिलते ही उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की दोनों चेन खींच लीं. अचानक हुई वारदात से वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गये.
डायल-112 पर दी गयी सूचना
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं. फुटेज के आधार पर उनकी पहचान भी कर ली गयी है.
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
शास्त्री नगर थानेदार प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पीड़ित की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस का दावा है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए