हड़ताल पर गये विशेष सर्वेक्षण अमीनों पर विभाग हुआ सख्त

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य कुछ अंचलों में विशेष सर्वेक्षण अमीनों के हड़ताल पर जाने की सूचना के बाद ऐसे अमीनों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है.
संवाददाता, पटना
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य कुछ अंचलों में विशेष सर्वेक्षण अमीनों के हड़ताल पर जाने की सूचना के बाद ऐसे अमीनों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है. सभी बंदोबस्त पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि हड़ताल पर गये अमीनों का लॉगिन अकाउंट तत्काल प्रभाव से बंद कर दें. साथ ही उन्हें हर प्रकार की सरकारी जिम्मेदारी से वंचित कर सरकारी कार्यालयों में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है. ऐसे विशेष सर्वेक्षण अमीनों को नौकरी से हटाकर बहाली की प्रक्रिया फिर से कराने का भी विभाग विचार कर रहा है.
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विभाग अमीन संघ की मांगों से अवगत है. 14 अगस्त को विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बिहार राजस्व अमीन संघ के प्रतिनिधियों के साथ इस संदर्भ में बैठक की थी. राजस्व महा-अभियान के दौरान सभी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें इसके लिए अपर मुख्य सचिव ने संघ के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया था. उन्होंने बैठक में कहा था कि राजस्व महा-अभियान एक बहुत बड़ी जनसेवा है. इसमें अभियान से जुड़े हर व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है. संघ के प्रतिनिधियों द्वारा यह विश्वास दिलाया गया कि इस दौरान कोई भी अमीन हड़ताल पर नहीं जायेंगे और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अभियान में पूर्ण सहयोग करेंगे.
अभी राज्य में चल रहा राजस्व महा-अभियान
इस बैठक में बातचीत के बावजूद इसी बीच विभाग के संज्ञान में यह बात आयी है कि कुछ विशेष सर्वेक्षण अमीन इस महा-अभियान के दौरान अपनी मांगों के साथ हड़ताल पर चले गये हैं. वर्तमान में 16 अगस्त से पूरे राज्य में राजस्व महा-अभियान चलाया जा रहा है. विभाग द्वारा इस संदर्भ में हर तरह से तैयारियां की गयी हैं. राज्य के सभी पंचायतों में दो-दो शिविर लगाकर लोगों की समस्या का समाधान करने की तैयारी है. हर शिविर में अमीनों को लैपटॉप लेकर रहने का निर्देश विभाग द्वारा दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




