खानकाह मुजीबिया पहुंचे तेजस्वी यादव, चादरपोशी कर मांगी अमन-चैन की दुआ

Updated:
विज्ञापन

चादरपोशी के दौरान तेजस्वी यादव

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने फुलवारी शरीफ स्थित ऐतिहासिक खानकाह मुजीबिया का दौरा किया. उन्होंने मजार-ए-मुबारक पर चादरपोशी कर देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी. उनके साथ राजद के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे.

विज्ञापन

Patna News : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव बुधवार को फुलवारी शरीफ स्थित ऐतिहासिक खानकाह मुजीबिया पहुंचे. उनके साथ राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, तनवीर हसन, शक्ति यादव, पूर्व विधायक अनवर आलम समेत कई राजद नेता मौजूद थे. खानकाह पहुंचने पर तेजस्वी यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. उन्होंने खानकाह के संस्थापक हजरत मखदूम सैय्यद शाह पीर मुहम्मद मुजीबुल्लाह कादरी रहमतुल्लाह अलैह की मजार-ए-मुबारक पर चादरपोशी कर बिहार और देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

खैरमकदम के बाद गद्दीनशीन पीर से की मुलाकात

खानकाह पहुंचने पर प्रबंधक मौलाना मिलादुद्दीन कादरी ने तेजस्वी यादव का खैरमकदम किया. इसके बाद उन्हें गद्दीनशीन पीर सैय्यद शाह आयतुल्लाह कादरी के पास ले जाया गया. यहां दोनों के बीच मुलाकात हुई और दुआ-सलाम किया गया. इसके बाद तेजस्वी यादव ने मजार-ए-मुबारक पर चादरपोशी की.

मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम अपनाने की अपील

चादरपोशी के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर वह सभी लोगों को मुबारकबाद और शुभकामनाएं देने खानकाह मुजीबिया आए हैं. उन्होंने कहा कि सूफी संतों और बुजुर्गों ने हमेशा मोहब्बत, इंसानियत, भाईचारे और अमन का पैगाम दिया है.

लालू प्रसाद यादव का भी खानकाह से रहा है पुराना लगाव

तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव का फुलवारी शरीफ और खानकाह मुजीबिया से पुराना लगाव रहा है. वह भी यहां बराबर आते रहे हैं. उन्होंने बिहार और पूरे देश में शांति, भाईचारे और खुशहाली की कामना की.

तेजस्वी को देखने उमड़ी युवाओं की भीड़

तेजस्वी यादव के खानकाह पहुंचने की सूचना मिलते ही उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग और खासकर युवा उमड़ पड़े. खानकाह परिसर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गयी. तेजस्वी यादव ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और सभी को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी.

तेजस्वी यादव और राजद नेताओं का स्वागत करने वालों में कौसर खान, सलाउद्दीन मंसूरी, ई. आफताब आलम, छोटे खान, दिनेश पासवान, मो. गोल्डन, हीरा साहब, श्रवण यादव, हरि नारायण, जिलाध्यक्ष दीनानाथ यादव समेत बड़ी संख्या में राजद नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.

चादरपोशी कर श्याम रजक और आफताब आलम ने भी मांगी दुआ

फुलवारी शरीफ, अजीत. ऐतिहासिक खानकाह मुजीबिया में सालाना उर्स के मौके पर विधायक श्याम रजक और फुलवारी शरीफ नगर परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष आफताब आलम ने हजरत सैयद शाह पीर मुहम्मद मुजीबुल्लाह कादरी रहमतुल्लाह अलैह की मजार-ए-मुबारक पर चादरपोशी की. दोनों ने बिहार और पूरे देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, खुशहाली और समृद्धि की दुआ मांगी.

मोहब्बत और इंसानियत का संदेश अपनाने की अपील

विधायक श्याम रजक ने कहा कि हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की पैदाइश के मुबारक दिन और उर्स के मौके पर सभी लोगों को मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश अपनाना चाहिए. उन्होंने बिहार और खासकर फुलवारी शरीफ में हमेशा अमन-चैन कायम रहने तथा सभी लोगों की खुशहाली के लिए दुआ की.

देशभर से पहुंचते हैं जायरीन

आफताब आलम ने कहा कि खानकाह मुजीबिया की रूहानी और ऐतिहासिक पहचान पूरे बिहार में है. यहां देश के विभिन्न हिस्सों से जायरीन पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि उर्स जैसे आयोजन समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देते हैं. इस मौके पर उन्होंने मजार-ए-मुबारक पर चादरपोशी कर बिहार और देश की तरक्की, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन