31 अगस्त तक जारी होगी 72,800 शिक्षकों के तबादले की सूची , शिक्षा विभाग ने इस तारीख तक आपत्ति दर्ज करने का दिया आदेश
सांकेतिक तस्वीर
शिक्षकों के ट्रांसफर को लेकर अपडेट सामने आई है. शिक्षा विभाग ने 31 अगस्त को पहली सूची जारी करने का ऐलान किया है. 6 से 9 सितंबर तक शिक्षक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे. जानिए पूरी प्रक्रिया और तारीखें.
Bihar Teachers Transfer-Posting : पटना. बिहार के सरकारी स्कूलों में काम कर रहे शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर अब तस्वीर साफ होने लगी है. शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत पूरी प्रक्रिया की तारीखें तय कर दी हैं. यानी अब शिक्षकों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. ट्रांसफर-पोस्टिंग की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन तरीके से ई-शिक्षाकोष पोर्टल के जरिए पूरी होगी.
आपके शहर में
सबसे अहम तारीख 31 अगस्त 2026 है. विभाग के तय शेड्यूल के अनुसार इसी दिन शिक्षकों की प्रारंभिक स्थानांतरण सूची जारी की जाएगी. सूची सामने आने के बाद अगर किसी शिक्षक को अपने ट्रांसफर से जुड़ी कोई गड़बड़ी या आपत्ति नजर आती है, तो उसे अपनी शिकायत दर्ज कराने का मौका मिलेगा.
6 से 9 सितंबर तक कर सकेंगे आपत्ति
शिक्षकों को प्रारंभिक सूची में किसी तरह की समस्या होने पर 6 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया गया है. इस दौरान शिक्षक अपनी जानकारी और ट्रांसफर से जुड़ी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे.
इसके बाद प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा स्थापना समिति करेगी. आपत्तियों की जांच और जरूरी सुधार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी.
बेगूसराय में देर रात महिला हत्या, घर में सोते समय बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर
जांच के बाद अंतिम सूची होगी जारी
विभाग के अनुसार 10 सितंबर से 14 सितंबर 2026 के बीच अंतिम स्थानांतरण सूची प्रकाशित होगी. इसी दौरान म्यूचुअल ट्रांसफर की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. ऐसे में जिन शिक्षकों ने आपसी सहमति के आधार पर ट्रांसफर का विकल्प चुना है, उनके लिए भी यह चरण काफी महत्वपूर्ण रहेगा.
72,800 शिक्षकों ने किया है आवेदन
ट्रांसफर की इस प्रक्रिया में अब तक राज्यभर के 72,800 अधिशेष शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं. शिक्षकों के आवेदन में दिए गए विकल्प और प्राथमिकता को ट्रांसफर प्रक्रिया में अहम आधार माना जाएगा.
अंक के आधार पर मिलेगा विद्यालय
विद्यालय का आवंटन केवल आवेदन के आधार पर नहीं होगा, बल्कि शिक्षकों को मिलने वाले अंकों के आधार पर किया जाएगा. जिन शिक्षकों के अंक और प्राथमिकता के आधार पर जिस विद्यालय में जगह उपलब्ध होगी, उसी के अनुसार विद्यालय आवंटित किया जाएगा.
पसंद के स्कूल के लिए प्राथमिकता बनी अहम
शिक्षकों को ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत अपनी पसंद और प्राथमिकता के आधार पर विद्यालय चुनने का मौका दिया गया है. इसके बाद विभाग उपलब्ध विद्यालयों और वहां मौजूद रिक्तियों की स्थिति को ध्यान में रखकर आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा.
इसका मतलब साफ है कि शिक्षक की पसंद के साथ-साथ संबंधित स्कूल में उपलब्ध सीट भी महत्वपूर्ण होगी. सभी विकल्पों और तय मानकों को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
अब 31 अगस्त को जारी होने वाली पहली सूची पर शिक्षकों की नजर है. इसके बाद 6 से 9 सितंबर तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा और 10 से 14 सितंबर के बीच अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी. इस तरह सितंबर के मध्य तक बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के ट्रांसफर और पोस्टिंग की प्रक्रिया का बड़ा हिस्सा पूरा हो जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए