सीवान में LPG सिलेंडर को लेकर बवाल, एजेंसी पर मारपीट, लूट का आरोप, रघुनाथपुर में भी हंगामा

Updated:
विज्ञापन
siwan gas agency chaos

एजेंसी पर आपस में झगड़ते लोग

LPG Cylinder Crisis: सीवान में एलपीजी सिलेंडर वितरण के दौरान बवाल मच गया. मैरवा में एजेंसी कर्मी के साथ मारपीट और लूट का आरोप लगा, वहीं रघुनाथपुर में भी गैस एजेंसी पर विवाद का मामला सामने आया है.

विज्ञापन

LPG Cylinder Crisis: सीवान में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच बवाल की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं. एक ओर मैरवा थाना क्षेत्र में सिलेंडर वितरण के दौरान मारपीट हुई, वहीं रघुनाथपुर में भी गैस एजेंसी पर हंगामा और हाथापाई का मामला सामने आया. इन घटनाओं ने प्रशासन और गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मैरवा में सिलेंडर वितरण के दौरान मारपीट

मैरवा थाना क्षेत्र के गुठनी मोड़ स्थित अंबेडकर गैस एजेंसी पर शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सिलेंडर वितरण किया जा रहा था. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एजेंसी के कर्मी दिलीप बैठा के साथ मारपीट की गई. इस हमले में दिलीप के हाथ में गंभीर चोट आई है.

कर्मी ने लगाया लूट का आरोप

घायल कर्मी दिलीप बैठा ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान युवकों ने उनका मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपये छीन लिए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद पुलिस की निगरानी में सिलेंडर वितरण कराया गया.

रघुनाथपुर में भी गैस एजेंसी पर हंगामा

सीवान के रघुनाथपुर में भी गैस एजेंसी पर विवाद का मामला सामने आया. गुड़िया एंटरप्राइजेज के संचालक अजय कुमार सिंह ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जबरन कार्यालय में घुस आए और मैनेजर के साथ मारपीट की. साथ ही दो लाख रुपये कैश, सोने की चेन और मोबाइल फोन लूटने का आरोप भी लगाया गया.

पुलिस जांच में सामने आई अलग कहानी

हालांकि, पुलिस जांच में यह मामला कुछ और ही निकला. सीवान एसपी कार्यालय के अनुसार, रघुनाथपुर की घटना लूट नहीं बल्कि आपसी विवाद का मामला है. बताया गया कि एजेंसी के वर्तमान मैनेजर और पूर्व मैनेजर के बीच लाइन में लगने को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई.

सिलेंडर संकट से बढ़ा तनाव

लगातार बढ़ती मांग और आपूर्ति में कमी के कारण गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही है, जिससे विवाद की स्थिति बन रही है. प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है.

Also Read: सीवान में दिनदहाड़े पांच लाख की लूट, अपराधियों ने सीएसपी संचालक मारी तीन गोली

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन