500 रिक्त पदों पर दूसरी मेधा सूची की मांग, विद्युत भवन में 200 अभ्यर्थियों का धरना
एआइ से बनायी गयी तस्वीर
बिहार में बीएसपीएचसीएल के 500 रिक्त पदों को भरने के लिए दूसरी मेधा सूची जारी करने की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थियों ने विद्युत भवन में धरना दिया. नौ महीने से अभ्यर्थी इस सूची का इंतजार कर रहे हैं.
Patna News : पटना में बीएसपीएचसीएल की विभिन्न बहालियों में रिक्त रह गये करीब 500 पदों पर दूसरी मेधा सूची जारी करने की मांग को लेकर सोमवार को करीब 200 छात्र-छात्राओं ने विद्युत भवन में धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने विभाग के अधिकारियों और मंत्री को आवेदन देकर रिक्त पदों को दूसरी मेधा सूची के माध्यम से भरने की मांग की.
4016 पदों पर हुई थी बहाली
अभ्यर्थियों ने बताया कि बीएसपीएचसीएल की ओर से एएई जीटीओ, सीसी-एसए, तकनीशियन ग्रेड-3 और जूनियर अकाउंट्स क्लर्क समेत कुल 4016 पदों पर बहाली की गयी थी. वर्ष 2025 में ज्वाइनिंग के बाद कई अभ्यर्थियों का दूसरे विभागों में चयन हो गया, जबकि कुछ ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया. इसके कारण विभिन्न पद रिक्त रह गये.
एएई जीटीओ की दूसरी सूची हो चुकी है जारी
अभ्यर्थियों का कहना है कि एएई जीटीओ के रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग की ओर से दूसरी मेधा सूची जारी कर सीटें भर दी गयी हैं. लेकिन सीसी-एसए, तकनीशियन ग्रेड-3 और जूनियर अकाउंट्स क्लर्क के रिक्त पदों के लिए अब तक दूसरी मेधा सूची या पूरक परिणाम जारी नहीं किया गया है.
नौ माह से कर रहे मांग
धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि वे पिछले नौ माह से विभाग और मंत्री से दूसरी मेधा सूची जारी करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि पर्याप्त संख्या में पद रिक्त होने के बावजूद सूची जारी नहीं होने से चयन की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को नुकसान हो रहा है.
जल्द निर्णय लेने की मांग
अभ्यर्थियों ने विभाग से रिक्त पदों की संख्या स्पष्ट करते हुए जल्द दूसरी मेधा सूची या पूरक परिणाम जारी करने की मांग की. उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को समय पर भरने से प्रतीक्षा सूची में शामिल योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सकेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए