पटना: कबाड़ बस में चल रहा था ब्राउन शुगर का धंधा, 40 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ चार गिरफ्तार
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में एक कबाड़ बस ब्राउन शुगर की बिक्री का अड्डा बन गई थी. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 40 ग्राम ब्राउन शुगर और तीन मोबाइल के साथ चार आरोपितों को दबोचा है.
Smack addicts nabbed in Patna : फुलवारी शरीफ के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड में पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किये हैं.
कबाड़ हालत में खड़ी बस में चल रही थी बिक्री
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि बैरिया बस स्टैंड में कबाड़ हालत में खड़ी बालाजी बस में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खेप रखकर चोरी-छिपे बिक्री कर रहे हैं. सूचना के बाद सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गयी.
दंडाधिकारी की मौजूदगी में छापेमारी
पुलिस टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में बालाजी बस में छापेमारी की. इस दौरान चारों आरोपितों को पकड़ लिया गया. तलाशी के दौरान उनके पास से 40 ग्राम ब्राउन शुगर और तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किये गये. पुलिस ने नशीले पदार्थ और मोबाइल को जब्त कर लिया.
चारों आरोपित अलग-अलग जिलों के
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. सद्दाम (28), पिता मो. मेराज, निवासी रानीगंज, अररिया, ऋषि रंजन (28), पिता जवाहर राय, निवासी कल्याणपुर, समस्तीपुर, दीपक झा (27), पिता ओम प्रकाश झा, निवासी सिंगबारा, मधेपुरा और महेश कुमार (21), पिता आशुतोष राणा, निवासी शाहपुर, मधेपुरा के रूप में हुई है.
NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी
इस मामले में रामकृष्णानगर थाना कांड संख्या 993/26, दिनांक 17 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c)/21(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने बरामद 40 ग्राम ब्राउन शुगर और तीन एंड्रॉयड मोबाइल को जब्त कर लिया है. गिरफ्तार चारों आरोपितों को न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है.
कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक पूजा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक नंद कुमार मिश्रा, सिपाही पिंटू कुमार और सिपाही निलंबर कुमार शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए