PMCH में बढ़ीं जांच सुविधाएं, एक महीने में डेढ़ लाख मरीजों ने कराई डायबिटीज और थायरॉयड की जांच

Updated:
विज्ञापन

PMCH

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पटना के PMCH में नई जांच सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है. खासकर पैथोलॉजी विभाग में जून महीने में 2.34 लाख से अधिक मरीजों ने विभिन्न जांचें कराई हैं, जिनमें डायबिटीज और थायरॉयड की जांचें सबसे अधिक लोकप्रिय रहीं.

विज्ञापन

पटना से आनंद तिवारी की रिपोर्ट

विज्ञापन

पटना. पीएमसीएच के ओपीडी में नई जांच सुविधाएं शुरू होने के बाद मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. खासकर पैथोलॉजी विभाग में जांच कराने वाले मरीजों की संख्या पिछले छह महीनों में तेजी से बढ़ी है. अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार जनवरी में जहां करीब 40 हजार मरीजों ने विभिन्न जांच कराई थी, वहीं मई में यह संख्या बढ़कर 2.10 लाख और जून में 2,34,018 तक पहुंच गई. इनमें सबसे अधिक मरीज डायबिटीज और थायरॉयड की जांच कराने वाले रहे. जून महीने में करीब 1.50 लाख मरीजों ने इन दोनों जांचों का लाभ लिया.

अब सप्ताह के सातों दिन मिल रही जांच की सुविधा

पहले पीएमसीएच में सप्ताह में केवल तीन दिन ही पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध थी. इस कारण मरीजों को निजी लैब का सहारा लेना पड़ता था. अब अस्पताल प्रशासन ने सप्ताह के सातों दिन जांच की व्यवस्था शुरू कर दी है. इसका सीधा लाभ मरीजों को मिल रहा है और अस्पताल में जांच कराने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

एमआरआई, सीटी स्कैन और अन्य जांचों का भी बढ़ा दायरा

जून महीने के आंकड़ों के अनुसार पीएमसीएच में 878 मरीजों ने एमआरआई, 2,143 मरीजों ने सीटी स्कैन, 7,501 मरीजों ने एक्स-रे और 428 मरीजों ने डायलिसिस की सुविधा का लाभ लिया. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़ा है.

जल्द शुरू होगी आधुनिक एमआरआई और सीटी स्कैन सेवा

पीएमसीएच में जल्द ही अत्याधुनिक एमआरआई और सीटी स्कैन की नई सुविधा शुरू होने जा रही है. रेडियोलॉजी विभाग में दो-दो एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनें स्थापित कर दी गई हैं. इनके संचालन के लिए 32 तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी. अस्पताल प्रशासन के अनुसार इन जांचों की सुविधा एम्स पटना की तर्ज पर उपलब्ध होगी और शुल्क भी लगभग उसी के अनुरूप रखा जाएगा.

हर दिन उपलब्ध हैं ये महत्वपूर्ण जांच

पीएमसीएच में अब प्रतिदिन हीमोग्लोबिन, प्लेटलेट्स, ब्लड शुगर, थायरॉयड, लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, कोलेस्ट्रॉल, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, इलेक्ट्रोलाइट्स, मलेरिया, डेंगू, टायफाइड, कैंसर की पहचान से जुड़ी जांच, गांठ या सूजन की सेल जांच, अस्थि और तिल्ली की जांच सहित कई आवश्यक पैथोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

अधीक्षक बोले. जून में सबसे अधिक मरीज पहुंचे

पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में सुविधाएं बढ़ने के कारण जांच कराने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. जून महीने में अब तक सबसे अधिक 2.34 लाख से ज्यादा मरीजों ने विभिन्न जांच कराई. इनमें करीब 1.50 लाख मरीज डायबिटीज और थायरॉयड जांच कराने वाले थे. उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में केवल तीन दिन जांच होती थी, लेकिन अब सातों दिन सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी राहत मिली है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन