PMCH के निर्माण में अब नहीं चलेगी देरी, स्वास्थ्य सचिव ने बैठक में दिया प्रोजेक्ट पूरा करने का निर्देश; सुबह 9 से शाम 5 बजे तक डॉक्टरों की मौजूदगी अनिवार्य

Updated:
विज्ञापन

pmch, पटना

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

PMCH Construction Work : बिहार सरकार PMCH को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. स्वास्थ्य सचिव ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और गुणवत्ता व समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही, सभी चिकित्सकों को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है.

विज्ञापन

PMCH Construction Work : पटना में पीएमसीएच को आधुनिक, अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से चल रही बिहार सरकार की परियोजना के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है. स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने मंगलवार को विशेष सचिव अरविंद वर्मा और बीएमआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत सेन के साथ पीएमसीएच परिसर का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन भवनों, अस्पताल में विकसित की जा रही सुविधाओं और चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.

विज्ञापन

स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नए ओपीडी, पंजीकरण काउंटर और दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया. उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की. अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया.

निरीक्षण के बाद प्रिंसिपल-अधीक्षक के साथ समीक्षा बैठक

अस्पताल परिसर के निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने पीएमसीएच की प्रिंसिपल डॉ. गीता सिन्हा, अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह समेत अन्य डॉक्टरों और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में पीएमसीएच के विकास और निर्माण परियोजना के अलग-अलग कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई. एलएंडटी और बीएमआईसीएल के प्रतिनिधियों ने परियोजना के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया.

स्वास्थ्य सचिव ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि काम में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए. इसके साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने को प्राथमिकता देने को कहा गया, ताकि मरीजों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके.

NMC के मानकों का पालन

समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग यानी NMC के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. स्वास्थ्य सचिव ने पीएमसीएच के सभी विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि पीएमसीएच राज्य का सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान है. ऐसे में यहां मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलना जरूरी है.

डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति पर जोर

उन्होंने सभी चिकित्सकों को NMC के निर्धारित मानकों के अनुरूप अस्पताल में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि मरीजों को डॉक्टरों की उपलब्धता और उपचार के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े.

आयुष्मान योजना का पात्र मरीजों को मिले पूरा लाभ

बैठक के दौरान विशेष सचिव सह आयुष्मान भारत योजना के प्रभारी अरविंद वर्मा ने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र और जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में आयुष्मान भारत योजना की महत्वपूर्ण भूमिका है.

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि इमरजेंसी में आने वाले आयुष्मान भारत योजना के पात्र मरीजों के इलाज में किसी भी परिस्थिति में बाधा नहीं आनी चाहिए. इसके अलावा दवा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए अमृत फार्मा के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया. अधिकारियों के इस निरीक्षण और समीक्षा के बाद पीएमसीएच की निर्माण परियोजना को समय पर पूरा करने के साथ मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन