पीएम चार मई को पटना में करेंगे खेलो इंडिया यूथ गेम का उदघाटन

Published by :Mithilesh kumar
Published at :14 Apr 2025 7:20 PM (IST)
विज्ञापन
पीएम चार मई को पटना में करेंगे खेलो इंडिया यूथ गेम का उदघाटन

पीएम चार मई को पटना में करेंगे खेलो इंडिया यूथ गेम का उदघाटन

विज्ञापन

संवाददाता,पटना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने चार मई को खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2025 का पटना में उद्घाटन करेंगे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ”संवाद” में आयोजित कार्यक्रम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 के आधिकारिक ”लोगो” का लोकार्पण किया. इसके साथ ही केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ”शुभंकर” का अनावरण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार मई को पटना में खेलो इंडिया यूथ गेम का उदघाटन करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने खेल सांग का भी शुभारंभ किया. साथ ही खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल गौरव यात्रा रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

राज्य में खेल की बुनियादी संरचना होगी मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2025 का बिहार में आयोजन हो रहा है. हम सभी खिलाड़ियों का बिहार की धरती पर स्वागत करते हैं. यह आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इस आयोजन के माध्यम से राज्य में खेलों की बुनियादी संरचना को और मजबूत करने तथा युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.

पहली बार बिहार में हो रहा खेलो इंडिया यूथ गेम्स

गौरतलब है कि बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 का आयोजन हो रहा है. चार मई से 15 मई तक बिहार के पांच जिले पटना, नालंदा (राजगीर), गया, भागलपुर और बेगूसराय में खेल महाकुंभ का आयोजन होगा. इसमें 28 खेलों के लिए देशभर से साढ़े आठ हजार खिलाड़ी और 15 सौ टेक्निकल स्टाफ यानी कुल 10 हजार लोग भाग लेंगे. खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल गौरव यात्रा 15 अप्रैल से दो मई के बीच बिहार के 38 जिलों से होकर गुजरेगी.

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का ”लोगो” बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना का प्रतीक

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का ”लोगो” बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना का प्रतीक है. इसका नारंगी और हरा रंग उत्साह और प्रकृति का मेल दर्शाता है. खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, बिहार के शुभंकर ”गजसिंह” का स्वरूप एवं अवधारणा राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं खेल भावना का प्रतीक है. यह शुभंकर बिहार की समृद्ध पुरातात्विक विरासत से प्रेरित है, जो पाल काल के दौरान नालंदा एवं बोधगया स्थित मंदिरों और स्तंभों पर अंकित गजसिंह (हाथी-सिंह के संयोग) की मूर्तियों से लिया गया है. गजसिंह, खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, बिहार का शुभंकर मात्र एक प्रतीक नहीं, बल्कि सशक्त, साहसी एवं बुद्धिमान खिलाड़ी की भावना का जीवंत रूप है.

डिजाइन में महाबोधि मंदिर, छठ और मधुबनी पेंटिंग्स

डिज़ाइन में महाबोधि मंदिर और नालंदा विश्वविद्यालय का प्रतीक ऐतिहासिक और बौद्धिक विरासत के सम्मान को दर्शाता है. पीपल वृक्ष, गौरैया और गंगेटिक डॉल्फिन प्रकृति और उनके संरक्षण का संदेश देते हैं. मधुबनी पेंटिंग और छठ पूजा जीवंत सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है. वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जैव विविधता की मिसाल है. अशोक चक्र और सिंह न्याय, शक्ति और ऐतिहासिक गौरव के प्रतीक हैं. बिहार के नक्शे में सजी यह डिजाइन राज्य की विविध पहचान, सांस्कृतिक धरोहर और खेल संस्कृति के विकास का शक्तिशाली प्रतीक बन चुकी है.

”खेल के रंग- बिहार के संग” स्लोगन

”खेल के रंग! बिहार के संग!” यह केवल नारा नहीं, बल्कि बिहार के खेल पुनर्जागरण का संदेश है, जो राज्य को वैश्विक खेल मानचित्र पर लाने का संकल्प दर्शाता है.इस दौरान आयोजन से संबंधित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Mithilesh kumar

लेखक के बारे में

By Mithilesh kumar

Mithilesh kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन