पटना में गर्मी का रेड अलर्ट, कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी
Patna Weather Update
Patna Weather Update: राजधानी पटना में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने गर्म हवाओं और लू को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं बिहार के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है.
Patna Weather Upadte: राजधानी पटना में सोमवार को लोगों को गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है. सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार दिनभर गर्म और शुष्क हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा. हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस भी परेशान करेगी.
दोपहर के समय लू के थपेड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं. मौसम विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. अत्यावश्यक काम होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की गई है.
हालांकि पटना में फिलहाल बारिश की संभावना बेहद कम है, लेकिन गर्मी और उमस के कारण लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं. मौसम विभाग ने लोगों से धूप में लंबे समय तक रहने से बचने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है.
इन जिलों में अगले 2-3 घंटे में आंधी-बारिश और वज्रपात की चेतावनी

पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर के कई प्रखंडों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पटना केंद्र ने बिहार के पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटों के भीतर मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात, बारिश और तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है.
जारी चेतावनी के मुताबिक तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कटिहार जिले के सभी 16 प्रखंड, पूर्णिया के 11 प्रखंड और भागलपुर के 12 प्रखंड इस चेतावनी के दायरे में हैं.
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. यदि बाहर हों तो सुरक्षित भवन में शरण लें. किसानों को भी मौसम सामान्य होने तक खेतों में नहीं जाने की सलाह दी गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में अचानक मौसम बदल सकता है. ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट और चेतावनियों पर नजर बनाए रखें.
ALSO READ: 30 दिनों में नक्शा पास नहीं हुआ तो खुद मिल जाएगी मंजूरी, बिहार सरकार का बड़ा फैसला
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए