पटना में कुछ घंटों की बारिश से जलमग्न हुए कई इलाके, एम्स रोड से रामकृष्ण नगर तक सड़कें बनीं झील

बारिश के बाद सड़कों की स्थिति
Patna Waterlogging : पटना में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. एम्स रोड, फुलवारी शरीफ और निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Patna Waterlogging : शनिवार सुबह हुई कई घंटों की झमाझम बारिश ने राजधानी पटना की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. पटना एम्स रोड, नेशनल हाईवे-98, फुलवारी शरीफ, संपतचक, रामकृष्ण नगर, जगनपुरा, खेमनीचक और आसपास के कई इलाकों में जलजमाव से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया. कई जगहों पर सड़कें झील में तब्दील हो गईं, जबकि दर्जनों घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया.
एम्स रोड पर घंटों लगा रहा पानी
पटना एम्स रोड पर कई घंटे तक घुटनों से अधिक पानी जमा रहा, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई और दोनों ओर की नालियां भी पानी में डूब गईं.
फुलवारी शरीफ में बाढ़ जैसे हालात
फुलवारी थाना क्षेत्र की कई कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात बन गए. भारी जलजमाव के कारण घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे घरेलू सामान और व्यापारियों का माल खराब हो गया. लोगों को सामान सुरक्षित रखने के लिए ऊंचे स्थानों और बेड पर रखना पड़ा.
फुलवारी थाना, नगर परिषद कार्यालय, चुनौती कुआं शहीद भगत चौक, सदर बाजार और नवदुर्गा मंदिर इलाके में भी घंटों तक जलभराव बना रहा.
अल्वा कॉलोनी और बेऊर में बढ़ी परेशानी
अल्वा कॉलोनी में ड्रेनेज व्यवस्था खराब होने के कारण सड़कें पानी में डूब गईं. वहीं बेऊर गांव और आसपास की नई कॉलोनियों में भी जलजमाव से लोग घंटों घरों से बाहर नहीं निकल सके.
बेऊर गांव के जोड़ा कुआं से दक्षिण बसे इलाके में रास्ता जलमग्न हो गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा रास्ते में पिलर लगाकर आवागमन बाधित कर दिया गया है, जिससे बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो गई है. लोगों ने वार्ड पार्षद और प्रशासन पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया.
निचले इलाकों में घरों में घुसा पानी
नया टोला, ईसा नगर, बैतूल करीम, मस्जिद अल गयास नगर और कर्बला के निचले इलाकों में करीब दो दर्जन से अधिक घरों में बारिश का पानी घुस गया. लोग कई घंटे तक पानी निकलने का इंतजार करते रहे.
रामकृष्ण नगर, जगनपुरा, खेमनीचक, संपतचक, कुरथौल, परसा बाजार, सिपारा और पुनपुन रोड के आसपास भी जलनिकासी नहीं होने के कारण लंबे समय तक पानी जमा रहा.
खोजा इमली के पास हादसे का खतरा
फुलवारी नगर परिषद के वार्ड संख्या-12 स्थित खोजा इमली मजार के पास मुख्य सड़क पर हल्की बारिश में भी जलजमाव हो गया. सड़क पर बने गहरे गड्ढे पानी में छिप जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक तीन से चार मोटरसाइकिल सवार गड्ढों में गिर चुके हैं. सबसे अधिक खतरा स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों पर बना हुआ है.
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से सड़क की मरम्मत, गड्ढों की भराई और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए राजधानी के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप में सामने आ गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











