पटना NEET छात्रा मौत केस: पत्रकारों के सवाल पर SSP बोले- नो कमेंट्स, 15 मिनट में PC खत्म, अधिकारियों ने क्या कहा?
नीट छात्रा मौत मामले पर प्रेस कांफ्रेंस करते पुलिस अधिकारी
Patna NEET Student Death Case: NEET छात्रा की मौत के मामले में पटना पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अब तक की जांच की जानकारी दी. अधिकारियों ने यौन हिंसा की आशंका मानी. लेकिन सवालों से बचते नजर आए. आखिर में पुलिस ने कहा कि केस अब CBI को सौंप दिया गया है.
Patna NEET Student Death Case: NEET छात्रा की मौत मामले में बुधवार को पटना में पुलिस अधिकारियों ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. IG जितेंद्र राणा, SSP कार्तिकेय शर्मा और SP परिचय कुमार इस PC में मौजूद रहे. करीब 15 मिनट तक पुलिस ने केस को लेकर अपना पक्ष रखा, लेकिन सवालों के जवाब देने से बचती नजर आई. आखिर में IG ने कहा कि अब यह मामला CBI को सौंप दिया गया है.
आपके शहर में
इस मामले पर जैसे ही पत्रकारों ने सवाल पूछने शुरू किए. SSP कार्तिकेय शर्मा ने “नो कमेंट्स” कह दिया और सभी अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर निकल गए. बाहर भी जब पत्रकारों ने सवाल करना चाहे, तो अधिकारी तेजी से अपनी गाड़ियों में बैठकर भाग निकले.
परिवार ने पुलिस को सौंपे थे छात्रा के 5 कपड़े
SSP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी सबसे पहले पीड़िता के परिवार को दी गई थी. उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ यौन हिंसा की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. परिवार ने पुलिस को छात्रा के पांच कपड़े सौंपे थे, जिनमें से एक कपड़े से स्पर्म मिलने की पुष्टि हुई है. हालांकि, परिवार शुरुआत में केस दर्ज कराने के लिए तैयार नहीं था.
SSP ने माना SHO स्तर पर लापरवाही हुई
SSP ने आगे कहा कि चित्रगुप्त नगर थाने की SHO स्तर पर लापरवाही हुई है. जिसके बाद संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की गई. वहीं SDPO सचिवालय-1 अनु कुमारी ने जानकारी दी कि जांच के दौरान अस्पताल से लामा रिपोर्ट भी जब्त की गई है. जिसे केस डायरी का हिस्सा बनाया गया है.
शंभू गर्ल्स हॉस्टल के CCTV फुटेज की हुई जांच
पुलिस ने शंभू गर्ल्स हॉस्टल के DVR को सीज कर CCTV फुटेज की जांच करवाई. फुटेज के मुताबिक 5 जनवरी की दोपहर छात्रा अपनी एक दोस्त के साथ कमरे में जाती दिखी थी. करीब दो मिनट बाद वह कमरे से बाहर आई, लेकिन उसके बाद फिर बाहर नहीं निकली. 6 जनवरी की सुबह नाश्ते के लिए आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद हॉस्टल स्टाफ ने दरवाजा खोला, जहां छात्रा बेहोशी की हालत में मिली.
पुलिस ने यह भी बताया कि हॉस्टल पहुंचने से पहले छात्रा पटना जंक्शन के CCTV कैमरे में दिखी थी. जिस ऑटो से वह हॉस्टल पहुंची थी, उसके ड्राइवर से भी पूछताछ की गई.
छात्रा 6 जनवरी को हॉस्टल में मिली थी बेहोश
छात्रा 6 जनवरी को हॉस्टल में बेहोश मिली थी. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. शुरुआत में पुलिस ने मामले को सुसाइड बताया था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि हुई. इसके बाद SIT का गठन किया गया और फॉरेंसिक जांच में छात्रा के कपड़ों से स्पर्म मिला. पुलिस ने 18 लोगों के DNA सैंपल लिए, लेकिन किसी का भी सैंपल मैच नहीं हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए