Patna News : शादी के लिए दबाव बना रही थी प्रेमिका, IGIMS कर्मी ने किया चाकू से जानलेवा हमला

प्रतीकात्मक तस्वीर।
Patna News : एक साल से दोनों में है प्रेम संबंध आरोपी आइजीआइएमएस में कंप्युटर ऑपरेटर पद पर कार्यरत है. शादी के दबाव पर छात्रा को अपने किराए के रूम में बुलाया और हमला कर दिया.
Patna News : (शुभम की रिपोर्ट) शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाबाजार की मछली गली में बुधवार की रात प्रेम प्रसंग में शादी का दबाव बनाए जाने से आक्रोशित एक युवक ने प्रेमिका को कमरे में बुलाकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया.
घायल युवती को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल आइजीआइएमएस के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार होने पर गुरुवार को उसे छुट्टी दे दी गयी. पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
अस्पतालकर्मी और छात्रा के बीच था एक साल से संबंध
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान मनीष कुमार यादव के रूप में हुई है, जो आईजीआईएमएस के जनरल सर्जरी वार्ड में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है. वह राजाबाजार की मछली गली में साईं मंदिर के पास एक किराए के मकान में रहता है. वहीं, जख्मी 26 वर्षीय युवती जमुई जिले की रहने वाली है और पटना के नाला रोड स्थित दिनकर गोलंबर के पास एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रही है. बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
बातचीत के बहाने कमरे पर बुलाया और कर दिया हमला
पीड़िता ने अस्पताल में पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि मनीष उसे लगातार शादी का झांसा दे रहा था. जब युवती ने उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा. बुधवार की रात करीब 8 बजे मनीष ने बातचीत करने और मामले को सुलझाने के बहाने आराध्या को अपने किराए के कमरे पर बुलाया. वहां भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मनीष ने गुस्से में आकर चाकू से आराध्या पर हमला कर दिया.
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग, केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
कमरे के अंदर से युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के रहने वाले लोग तुरंत घटना स्थल की ओर दौड़े. स्थानीय लोगों को जुटता देख आरोपी मनीष कुमार यादव मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला. इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना शास्त्रीनगर थाना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में युवती को आईजीआईएमएस के आपातकालीन वार्ड में दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया.
छात्रा ने कराई एफआईआर, जांच में जुटी पुलिस
गुरुवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पीड़िता ने शास्त्रीनगर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और फरार कंप्यूटर ऑपरेटर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: प्रशांत किशोर का प्रण, इस काम से पहले नहीं लौटेंगे घर, आश्रम से चलाएंगे अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










