पटना जीपीओ मल्टी मॉडल हब में अब फ्री में नहीं पार्क कर सकेंगे गाड़ियां, अक्टूबर से देना पड़ेगा चार्ज, जानिए नया सिस्टम

Updated:
विज्ञापन

पटना जीपीओ मल्टी मॉडल हब फाइल फोटो

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Patna Multi-Modal Hub Parking : पटना के मल्टी मॉडल हब में अक्टूबर से वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क लागू होगा. स्मार्ट पार्किंग सिस्टम, मंथली पास और रोटरी पार्किंग की सुविधा जल्द शुरू होगी. जानें पूरा प्लान.

विज्ञापन

Patna Multi-Modal Hub Parking : पटना के जीपीओ गोलंबर के पास स्थित मल्टी मॉडल हब में अक्टूबर से वाहनों की पार्किंग के लिए शुल्क देना होगा. पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने हब के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पार्किंग के लिए शुल्क की दरें अभी तय नहीं हुई हैं.

विज्ञापन

पार्किंग दर तय करने के लिए अन्य जगहों का अध्ययन

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ मो. शमशाद के अनुसार, पार्किंग शुल्क तय करने के लिए पटना जंक्शन, एयरपोर्ट और अन्य प्रमुख स्थानों पर लागू पार्किंग दरों का अध्ययन किया जा रहा है. इसके आधार पर मल्टी मॉडल हब के लिए दर निर्धारित की जाएगी.

एक साथ 225 कारें हो सकेंगी पार्क

मल्टी मॉडल हब में कई स्तरों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. ग्राउंड फ्लोर पर 6 कार और 32 बस खड़ी हो सकेंगी. पहली मंजिल पर 67, दूसरी मंजिल पर 76 और तीसरी मंजिल पर 76 कारों की पार्किंग क्षमता है. इस तरह परिसर में एक साथ 225 कारें खड़ी की जा सकेंगी.

प्रवेश पर टिकट काउंटर से देना होगा यूजर चार्ज

वाहनों के हब में प्रवेश करने पर टिकट काउंटर के माध्यम से यूजर चार्ज लिया जाएगा. पार्किंग व्यवस्था को स्मार्ट बनाने के लिए स्मार्ट पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है.

नंबर प्लेट स्कैन होते ही बनेगा टिकट

वाहन के बूम बैरियर के पास पहुंचते ही सेंसर उसे डिटेक्ट करेगा. इसके बाद एएनपीआर कैमरे से वाहन की नंबर प्लेट स्कैन होगी और ऑटोमेटिक तरीके से टिकट जनरेट हो जाएगा. टिकट बनने के बाद बूम बैरियर खुल जाएगा. इससे पार्किंग में प्रवेश की प्रक्रिया को स्वचालित बनाने की तैयारी है.

रोज आने-जाने वालों को मिलेगा मंथली पास

मल्टी मॉडल हब में नियमित रूप से वाहन पार्क करने वालों के लिए मंथली पास की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इससे रोज आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है. पार्किंग व्यवस्था शुरू होने के बाद सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े होने से होने वाले ट्रैफिक दबाव को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.

दोपहिया के लिए बनेगी रोटरी पार्किंग

मल्टी मॉडल हब परिसर में दोपहिया वाहनों के लिए रोटरी तकनीक आधारित पार्किंग तैयार की जाएगी. इसमें एक साथ 96 बाइक खड़ी की जा सकेंगी. पटना स्मार्ट सिटी की ओर से शहर में तीन स्थानों पर इस तरह की रोटरी पार्किंग बनाने की योजना है.

संचालन के लिए चार एजेंसियां दौड़ में

मल्टी मॉडल हब और 440 मीटर लंबे सब-वे के संचालन के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया चल रही है. 19 सितंबर को हुई टेंडर कमेटी की बैठक में चार एजेंसियों को योग्य पाया गया है. इन एजेंसियों को लेकर 22 सितंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं. इसके बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी और एजेंसी का चयन किया जाएगा.

440 मीटर लंबे सब-वे का भी संचालन होगा

निजी एजेंसी को केवल मल्टी मॉडल हब की पार्किंग और परिसर के संचालन की जिम्मेदारी नहीं मिलेगी, बल्कि 440 मीटर लंबे सब-वे का संचालन और रखरखाव भी एजेंसी के जिम्मे होगा.

दुकान, रेस्तरां और एटीएम की भी सुविधा

मल्टी मॉडल हब परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी जगह तैयार की गई है. यहां 4763 वर्ग फुट का रेस्तरां, हब में पांच दुकानें और सब-वे में छह दुकानें बनाई गई हैं. इसके अलावा बैंकिंग सुविधा के लिए एटीएम स्पेस और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था भी की जा रही है.

16 महीने से तैयार है मल्टी मॉडल हब

मल्टी मॉडल हब करीब 16 महीने से तैयार है. अब इसके संचालन के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. एजेंसी के चयन और पार्किंग शुल्क तय होने के बाद अक्टूबर से यहां व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था शुरू होने की तैयारी है.

Also Read : अग्निवीर GD भर्ती: दानापुर में सारण के युवाओं की सड़क पर दौड़, करीब 85% अगले चरण में

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन