पटना: दुल्हिन बाजार में बंद मार्केट का ताला काटकर लाखों की चोरी, दुकानदारों में आक्रोश
दुल्हिन बाजार थाना
पटना के दुल्हिन बाजार में चोरों ने एक बंद मार्केट को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Patna News : पटना जिले के दुल्हिन बाजार से शहर रामपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर शनिवार देर रात चोरों ने एक बंद मार्केट को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान और नकदी की चोरी कर ली. चोरों ने मशीन से मार्केट के मुख्य गेट समेत कई कमरों के ताले काटे और अंदर रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गये. घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में भारी आक्रोश है.
आपके शहर में
सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा मिला ताला
रविवार की सुबह दुकानदार जब मार्केट पहुंचे और दुकान खोलने लगे, तो मेन गेट का ताला कटा हुआ मिला. अंदर जाने पर दुकानों और कमरों का सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद घटना की जानकारी मार्केट के गृहस्वामी गणेश कुमार को दी गयी.
कई दुकानों और कोचिंग संस्थान को बनाया निशाना
गणेश कुमार ने बताया कि उनके मार्केट में किराना दुकान, बाइक मिस्त्री एवं पार्ट्स की दुकान, डेकोरेशन-पंडाल का काम और एक कोचिंग संस्थान संचालित होता है. चोरों ने मशीन का इस्तेमाल कर कई कमरों के ताले काटे और वहां रखे कीमती सामान, एलईडी टीवी तथा नकदी चोरी कर ली.
चोरी गये सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है. मार्केट में एक साथ कई जगहों पर चोरी होने से व्यवसायियों में भय और नाराजगी का माहौल है.
लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारी नाराज
स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसके बावजूद रात में सुरक्षा और पुलिस गश्त को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिख रही है. व्यापारियों ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद गणेश कुमार ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटायी जा रही है. हालांकि, पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. व्यवसायियों ने जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए