पटना को मिली 115 करोड़ की नई सड़क, नितिन नवीन और सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन, लाखों लोगों को होगा फायदा
AI फोटो
Patna: पटना में मंदिरी नाले पर 115 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई सड़क परियोजना का उद्घाटन सोमवार को होगा. इससे नेहरू पथ से जेपी गंगा पथ और अशोक राजपथ तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. लाखों लोगों को जाम से राहत और राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है.
Patna: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को पटना में मंदिरी नाले पर बनी नई सड़क परियोजना का उद्घाटन करेंगे. करीब 115 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस योजना को राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और लाखों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
रविवार शाम पटना पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का एयरपोर्ट पर स्वागत किया. यह परियोजना उनके लिए खास मानी जा रही है, क्योंकि बांकीपुर विधायक रहते उन्होंने इस सड़क निर्माण की पहल की थी. उन्होंने इसे अपने क्षेत्र की बड़ी जरूरत बताते हुए लगातार आगे बढ़ाया था.
आपके शहर में
नेहरू पथ से गंगा पथ तक आसान होगा सफर
मंदिरी नाले के ऊपर बनी यह नई सड़क राजधानी के कई महत्वपूर्ण हिस्सों को जोड़ने का काम करेगी. इस सड़क के शुरू होने से नेहरू पथ से जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, डबल डेकर रोड और पीएमसीएच तक पहुंचना पहले से कहीं आसान होगा. इससे खासतौर पर बांकीपुर और आसपास के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा.
इस परियोजना से वार्ड नंबर 25, 26 और 27 समेत उत्तर बिहार जाने वाले लाखों लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. पटना के व्यस्त नेहरू पथ पर ट्रैफिक दबाव कम होगा और रोज लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. सरकार का मानना है कि इससे शहर के भीतर आवाजाही और तेज होगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पिता के सपने को बेटे ने किया पूरा
नितिन नवीन ने बताया कि 2004 में उनके पिता और वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा ने मंदिरी नाले की इस बड़ी योजना का प्रस्ताव रखा था. अब जब यह परियोजना पूरी होकर जनता को समर्पित हो रही है, तो इसे वह अपने पिता के सपने के साकार होने जैसा मानते हैं. उन्होंने कहा कि इस योजना से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है.
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की देखरेख में इस पूरी परियोजना को पूरा किया गया है. सड़क की कुल लंबाई 1289 मीटर है. इसे सितंबर 2023 में शुरू किया गया था और 25 मार्च 2026 तक पूरा कर लिया गया. इस सड़क में 5.5 मीटर चौड़ी दो लेन, 3.5 मीटर सर्विस रोड और एक मीटर चौड़ा ड्रेन बनाया गया है.
मंदिरी नाले को सिर्फ ढका ही नहीं गया, बल्कि उसका व्यापक जीर्णोद्धार भी किया गया है. एसपी वर्मा रोड, मीठापुर, गर्दनीबाग, बाबूबाजार, धोबीघाट, इको पार्क और एमएलए फ्लैट जैसे कई इलाकों के नाले इससे जुड़े हैं. इससे जलनिकासी व्यवस्था में भी सुधार होगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार में जमीन खरीदने से पहले मिलेगी पूरी कुंडली, रजिस्ट्री से पहले जांच करेगी सरकार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए