पटना जंक्शन पर फर्जी टीटी बनाकर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर व्यूज के चक्कर में युवक पर केस दर्ज
AI द्वारा बनाया गया सांकेतिक तस्वीर
Patna Fake TTE Video : पटना जंक्शन पर एक युवक ने सोशल मीडिया पर व्यूज पाने के लिए टीटीई की वर्दी पहनकर वीडियो बनाया. इस वीडियो में युवक खुद को टीटीई बताकर यात्रियों से पैसे वसूलने का दावा करता है. मामला संज्ञान में आने के बाद रेल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.
पटना में सोशल मीडिया पर अधिक व्यूज और लोकप्रियता पाने के लिए एक युवक ने पटना जंक्शन पर रेलवे टीटीई की वर्दी पहनकर वीडियो बनाया. वीडियो में वह फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों का टिकट जांचते और कथित तौर पर अवैध वसूली करते हुए नजर आया. बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर यह दावा किया गया कि टीटीई अवैध वसूली करते हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किया गया था. वीडियो रेल पुलिस के संज्ञान में आने के बाद मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस का कहना है कि इस तरह का वीडियो रेलवे की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है और लोगों को भ्रमित कर सकता है.
रेल साइबर थाना में दर्ज हुआ मामला
पटना रेल साइबर थाना में एएसआई राजेश कुमार राम की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. शिकायत के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक टीटीई की वर्दी पहनकर पटना जंक्शन के फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों का टिकट जांचते हुए दिखाई दे रहा है.
आधे घंटे में 1200 रुपये वसूली का किया दावा
वीडियो में युवक यह दावा करता दिख रहा है कि उसने फर्जी टीटीई बनकर महज आधे घंटे में 1200 रुपये की अवैध वसूली कर ली. साथ ही उसने सवाल उठाया कि यदि वह इतने कम समय में इतनी रकम वसूल सकता है, तो असली टीटीई एक दिन में कितना कमाते होंगे.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
रेल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में युवक का नाम शिवम गुप्ता सामने आया है. पुलिस यह पता लगा रही है कि वह कहां का रहने वाला है और वीडियो बनाने के पीछे उसकी मंशा क्या थी. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए