पटना के दानापुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

Patna Crime News : पटना के दानापुर में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे.
Patna Crime News : दानापुर थाना क्षेत्र के हाथीखाना मोड़ स्थित आनंद बाजार रोड में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
गले पर मिले गहरे निशान
मृतका की पहचान हाथीखाना रोड निवासी निजी स्कूल शिक्षक बिरजू कुमार राय की 30 वर्षीय पत्नी चांदनी कुमारी के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. पुलिस के अनुसार मृतका के गले पर गहरे काले रंग के निशान पाए गए हैं. इससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
दहेज में चार पहिया वाहन की थी मांग
सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के लतरहिया गांव निवासी मृतका के भाई सूरज कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 में चांदनी की शादी बिरजू कुमार राय से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में चार पहिया वाहन की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करता था. उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को उनकी शादी में चांदनी मायके आई थी. करीब दस दिन पहले उसका पति उसे वापस अपने घर ले गया. चांदनी का तीन वर्ष का एक पुत्र भी है.
मौत से पहले हुई थी बातचीत
भाई ने बताया कि चार जुलाई की दोपहर उसकी बहन से तीन-चार मिनट तक फोन पर बातचीत हुई थी और उस समय सब कुछ सामान्य था. शाम के समय सास के मोबाइल से कॉल आया, लेकिन रोने की आवाज सुनाई देने के बाद फोन कट गया. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के फोन भी बंद मिले. शाम करीब सात बजे सूचना मिली कि उसकी बहन की मौत हो गई है.
परिजनों का आरोप है कि पति बिरजू कुमार राय, सास सीता देवी तथा अन्य ससुराल वालों ने रस्सी से गला घोंटकर चांदनी की हत्या की है. उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्व भी दहेज प्रताड़ना को लेकर दानापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन सुलह होने के बाद मामला शांत हो गया था.
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है. मृतका के गले पर गहरे निशान मिले हैं. मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
Also Read: भरत तिवारी के गांव पहुंचे मंत्री अशोक चौधरी, बोले- एनकाउंटर गलत था, CM को बताऊंगा पूरी बात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










