ePaper

Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर कोहरा संकट, 70% उड़ानों पर ब्रेक, आज से विंटर शेड्यूल जारी

Updated at : 17 Dec 2025 1:57 PM (IST)
विज्ञापन
Patna Airport 17 Dec 2025

Patna Airport Winter schedule comes into effect from today

Patna Airport: कुहासे की पहली परत के साथ ही पटना एयरपोर्ट पर उड़ानों की रफ्तार थमने लगी है. विंटर शेड्यूल लागू होते ही आसमान में भी सर्दी का असर साफ दिखने लगा है.

विज्ञापन

Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर बुधवार, 17 दिसंबर से विंटर शेड्यूल लागू हो गया है. दिसंबर के तीसरे सप्ताह और जनवरी में बढ़ने वाले कोहरे और कम विजिबिलिटी को देखते हुए उड़ानों की संख्या में कटौती की गई है और कई फ्लाइटों के समय में बदलाव किया गया है.

नए शेड्यूल के तहत जहां कुल उड़ानों की संख्या घटी है, वहीं खराब मौसम के कारण पहले ही कई फ्लाइटें रद्द और लेट हो चुकी हैं. इसका सीधा असर यात्रियों की सुविधा और यात्रा योजनाओं पर पड़ रहा है.

विंटर शेड्यूल में घटा फ्लाइट ऑपरेशन

डीजीसीए की अनुमति के बाद जारी विंटर शेड्यूल 17 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा. इस शेड्यूल के तहत पटना एयरपोर्ट से कुल 41 जोड़ी उड़ानों का संचालन किया जाएगा. इनमें सबसे अधिक हिस्सेदारी इंडिगो एयरलाइंस की है, जिसकी 29 जोड़ी उड़ानें शामिल हैं. एयर इंडिया की 6 जोड़ी, जबकि स्पाइसजेट और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 3-3 जोड़ी उड़ानें विंटर शेड्यूल में रखी गई हैं.

विंटर शेड्यूल लागू होने से पहले इंडिगो पटना से 28 से 30 उड़ानों का संचालन करती थी, जो अब घटकर 23 जोड़ी रह गई है. इससे साफ है कि सर्दियों में उड़ानों की उपलब्धता सीमित रहेगी.

पटना से इन शहरों के लिए नहीं मिलेगी सीधी उड़ान

नए शेड्यूल में यात्रियों को एक और झटका लगा है. पटना से गुवाहाटी, देवघर और जयपुर के लिए 31 जनवरी तक कोई सीधी उड़ान शामिल नहीं की गई है. इससे इन रूट्स पर यात्रा करने वाले यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट्स का सहारा लेना होगा, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ सकते हैं.

दिल्ली और मुंबई रूट पर घटे विमान

दिल्ली-पटना-दिल्ली सेक्टर में विमानों की संख्या 17 से घटकर 14 रह गई है. इनमें इंडिगो की 7, एयर इंडिया की 4, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 2 और स्पाइसजेट की एक उड़ान शामिल है. मुंबई के लिए भी उड़ानों की संख्या 6 से घटकर 5 हो गई है. बेंगलुरु रूट पर इंडिगो की 4 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट संचालित होगी, जबकि हैदराबाद सेक्टर पर पूरी तरह इंडिगो का दबदबा बना हुआ है.

पहली और आखिरी फ्लाइट का बदला टाइम स्लॉट

विंटर शेड्यूल के तहत पटना से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट एयर इंडिया की होगी. यह विमान सुबह 9:40 बजे दिल्ली से पटना पहुंचेगा और 10:25 बजे पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा. वहीं, दिल्ली के लिए आखिरी फ्लाइट स्पाइसजेट की होगी, जो रात 10:25 बजे पटना से रवाना होगी. अन्य शहरों के लिए भी उड़ानों का संचालन अब सीमित समय स्लॉट में किया जाएगा, ताकि कोहरे के समय जोखिम को कम किया जा सके.

खराब मौसम ने पहले ही बिगाड़ा शेड्यूल

विंटर शेड्यूल लागू होने से पहले ही मौसम ने उड़ानों को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. मंगलवार को इंडिगो की दिल्ली और कोलकाता सेक्टर की दो जोड़ी उड़ानें खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण रद्द कर दी गईं. इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस, एयर इंडिया और इंडिगो की कई फ्लाइटें एक से डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुईं. सुबह दिल्ली में कम विजिबिलिटी और शाम को पटना में खराब मौसम उड़ानों में बाधा का बड़ा कारण बना.

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार सर्दियों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो जाती है. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस एहतियातन उड़ानों की संख्या सीमित करती हैं और समय में बदलाव करती हैं. यही वजह है कि हर साल विंटर शेड्यूल के दौरान फ्लाइट ऑपरेशन पर असर पड़ता है.

यात्रियों के लिए बढ़ेगी चुनौती

विंटर शेड्यूल और लगातार खराब मौसम के कारण आने वाले दिनों में यात्रियों को रद्द, विलंब और सीमित विकल्पों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें.

Also Read: जमीन और मकान दान देने वालों के नाम पर रहेगा आंगनबाड़ी केंद्र , जिला स्तर पर समिति गठित, क्या है शर्त

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन