Patna Airport: बर्ड हिट से लेकर लेजर लाइट तक, पटना एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए बना नया प्लान
पटना एयरपोर्ट के आसपास लेजर लाइट और अवैध पार्किंग पर भी होगी सख्ती
Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर विमानों को पक्षियों से होने वाले खतरे को कम करने के लिए प्रशासन ने कई कदम उठाने का फैसला किया है. 2025 में 32 बर्ड हिट के बाद 2026 में अब तक 16 मामले सामने आ चुके हैं.
Patna Airport: पटना एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की बढ़ती गतिविधि को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है. शुक्रवार को केंद्रीय क्षेत्र पटना के आईजी जितेंद्र राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विमान और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई.
बैठक में एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों के जुटने की वजहों पर खास तौर पर चर्चा हुई. अधिकारियों ने बर्ड हिट की पुरानी घटनाओं का अध्ययन करने और यह पता लगाने को कहा कि ये घटनाएं आमतौर पर किस ऊंचाई पर हुईं. इसी आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
2026 में अब तक 16 बर्ड हिट
अधिकारियों के अनुसार पटना एयरपोर्ट पर 2025 में बर्ड हिट की 32 घटनाएं सामने आई थीं. 2026 में अब तक 16 मामले दर्ज हो चुके हैं. विमानों के लिए इस तरह की घटनाएं गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं, इसलिए एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों की संख्या कम करने पर जोर दिया गया.
पक्षियों को रनवे के आसपास आने से रोकने के लिए नई तकनीक और लेटेस्ट डिवाइस की जानकारी लेने का फैसला भी हुआ है. वर्ल्ड क्लास टेक्नोलॉजी का स्टडी करने के बाद जरूरत के अनुसार डिवाइस लगाने पर विचार किया जाएगा.
कूड़ा और मांस-मछली की दुकानों पर होगी कार्रवाई
एयरपोर्ट के आसपास खुले में पड़ा कूड़ा पक्षियों के जुटने की बड़ी वजह बन सकता है. बैठक में ऐसे स्थानों को चिह्नित कर सफाई और कचरा हटाने की बेहतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है.
खुले में चल रही मांस और मछली की दुकानों को हटाने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर अभियान चलाने की बात कही गई. फुलवारीशरीफ, चितकोहरा, खोजा इमली मंडी और एयरपोर्ट के आसपास ऐसी दुकानों पर कार्रवाई की जाएगी.
पेड़-पौधों और घास की भी होगी नियमित कटाई
एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में पेड़-पौधों की समय-समय पर छंटाई की जाएगी. घास की नियमित कटाई और आसपास की सफाई को भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाएगा.
इसके अलावा एयरपोर्ट के पास आईसीआर की खेती और अनुसंधान वाली जमीन पर पानी जमा होने की समस्या का समाधान करने पर भी चर्चा हुई. जलजमाव वाले स्थानों पर पक्षियों के आने की आशंका को देखते हुए जरूरी कदम उठाने को कहा गया.
लेजर लाइट पर भी प्रशासन की नजर
बैठक में विमान संचालन के दौरान लेजर लाइट से होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठा. शादी-विवाह और मूर्ति विसर्जन जैसे मौकों पर आसमान की ओर चलने वाली लेजर रोशनी पायलटों के लिए परेशानी पैदा कर सकती है.
एयरपोर्ट के आसपास ऐसी लेजर लाइट पर निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. इससे विमान के उड़ान भरने और उतरने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी. पटना एयरपोर्ट के आसपास लेजर लाइट को लेकर प्रशासन पहले भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दे चुका है.
रेलवे लाइन के किनारे भी होगी सफाई
एयरपोर्ट के आसपास रेलवे लाइन के किनारे जमा कूड़े पर भी बैठक में ध्यान दिया गया. अधिकारियों के मुताबिक कूड़े के कारण वहां पक्षियों के जुटने की समस्या हो सकती है.
इसको लेकर एसपी पश्चिमी, नगर आयुक्त और दानापुर रेल मंडल के अधिकारी आपस में समन्वय कर सफाई अभियान चलाएंगे. मकसद एयरपोर्ट के आसपास ऐसे स्थानों को कम करना है, जहां पक्षियों को भोजन या रहने की जगह मिल सकती है.
एयरपोर्ट के पास बनेगा स्थानीय पुलिस पिकेट
एयरपोर्ट की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आसपास स्थानीय पुलिस पिकेट बनाने पर भी सहमति बनी. इसके लिए एयरपोर्ट निदेशक की ओर से जगह चिह्नित कर उपलब्ध कराई जाएगी.
बैठक में एयरपोर्ट निदेशक चंद्र प्रताप द्विवेदी, सीआईएसएफ के वरीय समादेष्टा नरपत सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा, नगर आयुक्त, एसपी पश्चिमी संकेत कुमार, एसपी मध्य ममता कल्याणी समेत एयरपोर्ट अथॉरिटी और पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
एयरपोर्ट के बाहर लगेंगे नो-पार्किंग बोर्ड
एयरपोर्ट के आसपास प्रमुख जगहों पर नो-पार्किंग के बोर्ड लगाए जाएंगे. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
इस तरह पटना एयरपोर्ट की सुरक्षा समीक्षा में सिर्फ बर्ड हिट पर ही ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि कूड़ा, जलजमाव, मांस-मछली की दुकानें, लेजर लाइट, रेलवे लाइन की सफाई और अवैध पार्किंग जैसे कई मुद्दों को एक साथ शामिल किया गया है.
इसे भी पढ़ें : 21 सितंबर से पटना से मसौढ़ी और जहानाबाद जाना होगा आसान, BSRTC ने जारी की नई AC बस की टाइमिंग और किराया
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए