पटना में फेवरेट घोड़े की लगाम थामे दिखे अनंत सिंह, जेल से निकलते ही वायरल हुआ बाहुबली विधायक का शाही अंदाज

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 28 Mar 2026 5:30 PM

विज्ञापन

अपने घोड़े के साथ अनंत सिंह

Anant Singh: जेल से रिहाई के बाद अनंत सिंह एक बार फिर अपने शाही अंदाज में नजर आए. पटना में घोड़े के साथ उनका वीडियो वायरल हो रहा है, जिससे उनका पुराना रौब और घोड़ों के प्रति शौक फिर चर्चा में आ गया है.

विज्ञापन

Anant Singh: मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चे में हैं. उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पटना स्थित अपने आवास के बाहर काले रंग के घोड़े की लगाम थामे नजर आ रहे हैं. वीडियो में वे घोड़े को निर्देश देते दिख रहे हैं- चल, तो घोड़ा चलने लगता है. फिर कहते हैं आगे बढ़, तो घोड़ा आगे बढ़ने लगता है.

समर्थकों के बीच बना आकर्षण का केंद्र

वीडियो में अनंत सिंह सफेद शर्ट, लोअर और काले चश्मे में नजर आ रहे हैं. उनके साथ कई समर्थक भी मौजूद हैं, जो इस पूरे पल को कैमरे में कैद कर रहे हैं. उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे खूब शेयर कर रहे हैं.

घोड़ों के शौक के लिए मशहूर हैं अनंत सिंह

अनंत सिंह को घोड़ों का बेहद शौक रहा है. बताया जाता है कि एक समय उनके पास दर्जनों घोड़े थे. सिर्फ घोड़े ही नहीं, एक समय था जब उन्होंने अपने घर में अजगर और हाथी तक पाल रखे थे. उनका यह शौक उन्हें आम नेताओं से अलग पहचान देता है.

सोनपुर मेले वाला चर्चित किस्सा

अनंत सिंह के शौक से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी काफी चर्चित है. साल 2007 में लालू प्रसाद यादव का घोड़ा सोनपुर मेले में बिक्री के लिए आया था. अनंत सिंह उस घोड़े को खरीदना चाहते थे, लेकिन सीधे खरीद पाना आसान नहीं था. ऐसे में उन्होंने एक किसान के जरिए घोड़ा खरीदवाया और बाद में उसी घोड़े के साथ मेले में नजर आए.

विधानसभा तक घोड़ा-बग्घी से पहुंचने का अंदाज

विधायक बनने के बाद भी उनका शाही अंदाज बरकरार रहा. वे कई बार घोड़ा-बग्घी पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे, जो खास लाइट और म्यूजिक सिस्टम से सजी होती थी. यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बनता रहा.

पुरानी यादें फिर हुईं ताजा

पटना की सड़कों पर घोड़े पर सवारी करते हुए अनंत सिंह को अक्सर देखा गया है. उनका यह अंदाज हमेशा लोगों को आकर्षित करता था. अब हालिया वीडियो के सामने आने के बाद लोगों को उनके पुराने दिन याद आ रहे हैं.

जेल से रिहाई के बाद फिर चर्चा में

दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद 23 मार्च को अनंत सिंह जेल से रिहा हुए हैं. जेल के बाहर उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी थी. रिहाई के बाद यह उनका पहला चर्चित सार्वजनिक वीडियो है, जिसने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है.

Also Read: पटना में निरहुआ ने खेसारी को दिया करारा जवाब, पवन सिंह पर बोले- उन्हें BJP देगी बड़ी जिम्मेदारी

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन