पटना पहुंचीं मिस यूनिवर्स इंडिया मनिका विश्वकर्मा, लिट्टी-चोखा खाने और महावीर मंदिर में दर्शन की जताई इच्छा

पटना एयरपोर्ट पर मिस यूनिवर्स इंडिया
Bihar News: मिस यूनिवर्स इंडिया मनिका विश्वकर्मा पहली बार पटना पहुंचीं, जहां एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ. उन्होंने बिहार की मेहमाननवाजी की तारीफ करते हुए ‘लिट्टी-चोखा’ चखने को लेकर उत्साह जताया.
Patna News: मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मनिका विश्वकर्मा ने आज पहली बार बिहार की धरती पर कदम रखा. पटना एयरपोर्ट पर उनके पहुंचते ही प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. फूलों के गुलदस्तों और पारंपरिक स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया गया, जिसे देखकर मनिका काफी भावुक और उत्साहित नजर आईं.
मेहमाननवाजी से हुईं प्रभावित
मीडिया से बातचीत में मनिका ने कहा कि यह उनकी पहली बिहार यात्रा है और यहां के लोगों की गर्मजोशी ने उनका दिल जीत लिया है. उन्होंने कहा कि बिहार की मेहमाननवाजी वाकई खास है और उन्हें यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है.
‘लिट्टी-चोखा’ को लेकर दिखा खास उत्साह
मनिका ने बिहार के प्रसिद्ध व्यंजन लिट्टी-चोखा को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की. उन्होंने कहा कि मैंने आज तक लिट्टी-चोखा नहीं खाया है, इसलिए यह मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव होगा. मैं इसे चखने के लिए बेहद उत्साहित हूं.
बिहार की संस्कृति और इतिहास की तारीफ
उन्होंने बिहार के ऐतिहासिक महत्व और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जमकर सराहना की. मनिका ने कहा कि भारत की संस्कृति की जड़ें इसी मिट्टी से जुड़ी हैं. उन्होंने थाईलैंड में आयोजित मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के दौरान बौद्ध धर्म के प्रतिनिधित्व का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत भी बिहार से ही हुई थी.
महावीर मंदिर जाने की जताई इच्छा
अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान मनिका ने पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर जाने की इच्छा जताई. उन्होंने कहा कि वह बिहार की कला, संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझना चाहती हैं.
लड़कियों को दिया प्रेरणादायी संदेश
राजस्थान से आने वाली मनिका ने बिहार और छोटे शहरों की लड़कियों के लिए खास संदेश दिया. उन्होंने कहा कि मॉडलिंग और पेजेंट इंडस्ट्री अभी हर राज्य में उतनी लोकप्रिय नहीं है, लेकिन सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हक हर किसी को है. उन्होंने लड़कियों से कम से कम एक बार अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश जरूर करने की अपील की.
सफलता के पीछे परिवार का अहम रोल
अपने सफर के बारे में बात करते हुए मनिका ने कहा कि परिवार का समर्थन सबसे बड़ी ताकत होता है. उन्होंने बताया कि आज भी कई जगहों पर लड़कियों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए परिवार का सहयोग नहीं मिल पाता, जिसे बदलने की जरूरत है. साथ ही उन्होंने अपनी संस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच लड़कियों को आर्थिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है.
Also Read: बिहार में जारी हलचल के बीच अचानक सीएम हाउस पहुंचे सम्राट, साथ में ये नेता भी हैं मौजूद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




