ePaper

लखीसराय का होमगार्ड जवान साथियों के साथ करता था परीक्षाएं पास कराने की सेटिंग, पटना से चार गिरफ्तार

Updated at : 26 Mar 2022 9:27 AM (IST)
विज्ञापन
लखीसराय का होमगार्ड जवान साथियों के साथ करता था परीक्षाएं पास कराने की सेटिंग, पटना से चार गिरफ्तार

Bihar News: लखीसराय का होमगार्ड जवान साथियों के साथ मिलकर परीक्षाएं पास कराने की सेटिंग करता था. बिहार पुलिस ने खदेड़ कर चार लोगों को पकड़ लिया और जब पूछताछ की व तलाशी ली, तो मामले का खुलासा हुआ है, जबकि इनके बाकी साथी भीड़ का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे.

विज्ञापन

पटना. प्रतियोगी परीक्षाओं में सेटिंग कराने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. इस गिरोह का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि लखीसराय में होमगार्ड का जवान के पद पर तैनात है. इस मामले का खुलासा शुक्रवार को पत्रकार नगर थाने की पुलिस ने किया है. दरअसल गुरुवार की दोपहर 90 फीट (न्यू बाइपास) स्थित एनएच 30 के पास थानाध्यक्ष मनोरंजन भारती गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस को देख सात से आठ संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे.

पुलिस ने खदेड़ कर चार लोगों को पकड़ लिया और जब पूछताछ की व तलाशी ली, तो मामले का खुलासा हुआ है, जबकि इनके बाकी साथी भीड़ का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे. गिरफ्तार शातिरों में 29 वर्षीय मनोज कुमार उर्फ हरी मल्हैया मुरगी बिगहा थाना- टेकारी, गया, 22 वर्षीय विकास कुमार मल्हैया मुरगी बिगहा, थाना- टेकारी गया, 26 वर्षीय गोपेश कुमार (स्कॉलर)चेरों, थाना- सरमेरा नालंदा और 27 वर्षीय प्रभात कुमार (लखीसराय में होमगार्ड का जवान) चेरों थाना-सरमेरा नालंदा का रहने वाला है.

फायर ब्रिगेड परीक्षा की सेटिंग में जुटे थे सभी

थानाध्यक्ष मनोरंजन भारती ने बताया कि ये गिरोह विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की सेटिंग कराता था. स्कॉलर बैठाने से लेकर परीक्षा में हर स्तर पर सेटिंग कराने का काम सभी करते थे. पूछताछ में पता चला कि ये गिरोह होमगार्ड का जवान भर्ती, फायर ब्रिगेड के अलावे अन्य परीक्षाओं में सेटिंग के नाम पर कई छात्रों से पैसे उठा चुके थे. लाखों रुपये के ट्रांजेक्शन भी इनके खाते में मिले हैं. इसके अलावा मोबाइल व लैपटॉप कई छात्रों के डॉक्यूमेंट भी मिले हैं. मालूम हो कि फायर ब्रिगेड विभाग की परीक्षा जल्द ही होने वाली है.

बड़हड़िया थाने में होमगार्ड जवान के पद पर तैनात था प्रभात

लखीसराय के बड़हड़िया थाने में तैनात प्रभात कुमार के बारे में जब बड़हड़िया थानाध्यक्ष से बातचीत की गयी, तो पता चला कि दो महीने पहले उसने लाइन में योगदान किया था. वह कई दिनों तक थाने में होमगार्ड का जवान पद पर काम कर चुका है. वहीं सूत्र बताते हैं कि वह कई सालों से इस गिरोह को चला रहा था और अब तक कई छात्रों से होमगार्ड का जवान भर्ती के नाम पर पैसा ले चुका है.

Also Read: Sarkari Naukri: बिहार में स्पेशल एजुकेशन डिग्री वाले अभ्यर्थी अब नहीं बन पाएंगे प्रधान शिक्षक, जानें कारण
फोटो मिक्सिंग करने वाला समेत अन्य शातिर पटना के

थानाध्यक्ष मनोरंजन भारती ने बताया कि इस गिरोह के अन्य फरार शातिरों में एक फोटो मिक्सिंग करने में माहिर है. जो केवल परीक्षार्थियों के वास्तविक फोटो से छेड़छाड़ कर फॉर्म भरता था. यही नहीं इसके अलावे अन्य तकनीकी कार्य भी वहीं हैडल करता है. जानकारी के अनुसार फरार अन्य शातिर पटना के रहने वाले हैं और सभी के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है.

नौ लाख रुपये का ट्रांजेक्शन भी मिला

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने जब छानबीन की तो एसबीआइ के एक खाते में 9 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन मिला है. इनके बैंक खातों और मोबाइल फोन में संरक्षित डाटा की गहन छानबीन और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है. इस गिरोह में कई सरकारी कर्मचारियों के नाम भी सामने आ सकते हैं.

परीक्षा की तैयारी करने के नाम पर कमान लेकर गया था लाइन

होमगार्ड के जवान प्रभात के बारे में पता चला कि वह दो महीने पहले यह कहकर थाना से कमान लिया था कि मुझे परीक्षा की तैयारी करनी है. इस बात की जानकारी देते हुए बड़हड़िया थानाध्यक्ष ने बताया कि मैं छह महीने से इस थाने में हूं. सब सही था लेकिन अचानक से प्रभात कुमार आया और कहने लगा कि मेरी दो महीने बाद परीक्षा है, जिसकी तैयारी करनी है. लाइन का कमान दे दीजिए न सर…यहां तैयारी ठीक से नहीं हो पाता है. इसके बाद वह कमान लेकर लाइन चला गया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन