पहली बार चुनावी सभा में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, बोले- नीरज सिन्हा को भारी मतों से जिताएं

Updated:
विज्ञापन
चुनाव प्रचार करते निशांत कुमार

चुनाव प्रचार करते निशांत कुमार

Nishant Kumar Election Rally: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार पहली बार किसी चुनावी सभा में शामिल हुए. उन्होंने बांकीपुर से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से जिताने की अपील की. संजय झा ने पटना के विकास का उल्लेख किया.

विज्ञापन

Nishant Kumar Election Rally: बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में रविवार को पटना-गया मुख्य पथ स्थित सिपारा के एस.आर. गार्डेन में विशाल चुनावी जनसभा का आयोजन किया गया. सभा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पहली बार बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार किसी चुनावी सभा में पहुंचे और मंच से जनता को संबोधित किया.

पहली बार चुनावी मंच पर दिखे निशांत कुमार

सभा में पहुंचते ही निशांत कुमार का कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों और तालियों के साथ स्वागत किया. उन्हें देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर तक सभा स्थल पर मौजूद रहे. अपने संबोधन में निशांत कुमार ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजना है. उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक उम्मीदवार की जीत का नहीं, बल्कि विकास और जनकल्याण की निरंतरता का चुनाव है.

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तिकरण, दलित, महादलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज के उत्थान के लिए कई योजनाएं शुरू की थीं, जिन्हें वर्तमान सरकार आगे बढ़ा रही है.


Image

कार्यकर्ताओं से योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की अपील

निशांत कुमार ने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मतदान कर एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को विजयी बनाने की अपील की.

पटना का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका : संजय कुमार झा

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि आज का पटना 10-15 वर्ष पहले वाला पटना नहीं रह गया है. राजधानी का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है. उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, चौड़ी सड़कें, आधुनिक भवन और नई आधारभूत संरचनाएं देखकर विश्वास नहीं होता कि यह वही पुराना पटना है. अब राजधानी देश के बड़े महानगरों की तरह विकसित हो रही है.


Image

विकास की गति बनाए रखने के लिए एनडीए को जिताना जरूरी

बांकीपुर प्रभारी विधायक अरुण मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पटना में आधुनिक संग्रहालय, फ्लाईओवर, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण और बेहतर यातायात व्यवस्था जैसी कई परियोजनाएं लागू की गईं. उन्होंने कहा कि केवल शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है. विकास की इसी गति को बनाए रखने के लिए नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाना आवश्यक है.

कई नेताओं ने किया संबोधित

सभा को मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री सुनील कुमार, विधायक एवं बिहार विधानसभा में एनडीए के सचेतक अरुण मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, विद्यानंद विकल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया.

कार्यक्रम में चिपुरा पंचायत के मुखिया सतीश कुमार सिंह, संपतचक जदयू नगर मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार टप्पू, भाजपा नेता शाहिद, राम गोविंद सिंह, मंडल अध्यक्ष रवि सिन्हा, जदयू नेता शत्रुघ्न पासवान, बंटी चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में एनडीए के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभा के अंत में नेताओं ने मतदाताओं से विकास और सुशासन की निरंतरता के लिए एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की.

इसे भी पढ़ें:  तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर भड़की रोहिणी, तेजस्वी यादव बोले- कल तक रिहा करो वरना होगा आंदोलन


विज्ञापन
Ajit Kumar Phulwarisharif

लेखक के बारे में

By Ajit Kumar Phulwarisharif

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन