पटना: अंचल में भ्रष्टाचार के खिलाफ 17 सितंबर से आंदोलन करेगा भारतीय किसान संघ
बैठक में शामिल होते लोग
भारतीय किसान संघ ने बिक्रम अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार और किसानों के राजस्व मामलों में अनियमितता के खिलाफ 17 सितंबर से आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री और जिला अधिकारियों को मांग पत्र भेजा जाएगा.
Patna News : पटना जिले के बिक्रम अंचल कार्यालयों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और किसानों से जुड़े राजस्व मामलों में अनियमितता के खिलाफ भारतीय किसान संघ ने आंदोलन का निर्णय लिया है. मंगलवार को बिक्रम प्रखंड के महजपुरा पंचायत सरकार भवन में हुई भारतीय किसान संघ पटना जिला की बैठक में 17 सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की रणनीति पर सहमति बनी. बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष विश्वामित्र शर्मा ने की.
दाखिल-खारिज और परिमार्जन पर चर्चा
बैठक में अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के साथ परिमार्जन, दाखिल-खारिज और भूमि अधिग्रहण समेत किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान और राजस्व संबंधी मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए आंदोलन किया जायेगा.
पांच हजार गांवों से भेजा जायेगा मांग पत्र
संगठन के अनुसार 17 सितंबर को भगवान बलराम की जयंती किसान दिवस के रूप में मनायी जाती है. इसी अवसर पर ग्राम समिति पूजन और उत्सव के बाद मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और संबंधित जिला अधिकारियों को मांग पत्र भेजने का प्रस्ताव रखा गया है. प्रदेश के करीब पांच हजार गांवों की ग्राम समितियों की ओर से मांग पत्र भेजने का संकल्प लिया गया है.
पटना के 250 गांवों में बनेगी रणनीति
पटना जिले के करीब 250 गांवों में भी ग्राम समितियों के माध्यम से प्रस्ताव पारित कर मांग पत्र भेजने की योजना है. बैठक में मौजूद जिला कार्यकारिणी सदस्यों, प्रखंड अध्यक्षों और मंत्रियों ने प्रस्ताव पर अपनी सहमति जतायी.
ये रहे मौजूद
मौके पर क्षेत्र संगठन मंत्री हेमराज, दक्षिण बिहार प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार, प्रांत मंत्री अशोक कुमार, उपाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद यादव, पटना जिला युवा प्रमुख राजू कुमार, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार, जिला मंत्री श्याम किशोर शर्मा, टुनटुन कुमार समेत सैकड़ों किसान प्रतिनिधि उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए