ड्रेनेज मास्टर प्लान : 14 से काम शुरू कर देगी एजेंसी, बड़े नालों का होगा ड्रोन सर्वे

Author : Pritish Sahay Published by : Prabhat Khabar Updated At : 13 Mar 2020 6:46 AM

विज्ञापन

पटना नगर निगम क्षेत्र के अलावा दानापुर, फुलवारीशरीफ, खगौल नगर पर्षद क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी निदान के लिए मास्टर प्लान तैयार करने वाली एजेंसी 14 मार्च से काम शुरू कर देगी.

विज्ञापन

पटना : पटना नगर निगम क्षेत्र के अलावा दानापुर, फुलवारीशरीफ, खगौल नगर पर्षद क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी निदान के लिए मास्टर प्लान तैयार करने वाली एजेंसी 14 मार्च से काम शुरू कर देगी. गुरुवार को नगर विकास सचिव आनंद किशोर की अध्यक्षता में हुई बैठक में कंसल्टेंट एजेंसी को नौ बड़े नालों का 30 किमी लंबाई में ड्रोन सर्वे को एक सप्ताह के अंदर पूरा करने के निर्देश दिये गये. साथ ही बादशाही नाले का भी 29 मार्च तक ड्रोन सर्वे पूरा करने को कहा गया.

पटना में कुर्जी, सैदपुर, अांनदपुरी, योगीपुर, बाइपास और पहाड़ी समेत कुल 13 बड़े नालों की साफ-सफाई के लिए कंसल्टेंट कंपनी ने मशीनों की खरीद की जरूरत बतायी. कंपनी के प्रतिनिधि ने पूरे शहर में जलजमाव के स्थायी निदान के लिए बनाये जा रहे ड्रेनेज मास्टर प्लान का प्रेजेंटेशन भी किया. बैठक में सचिव ने कहा कि जिन मशीनों का कम-से-कम चार महीने तक इस्तेमाल होता है, उन्हें पटना नगर निगम खरीदेगा. कम उपयोग वाली अन्य मशीनें भाड़े पर ली जायेंगी. बैठक में सचिव के अलावा डीएम कुमार रवि, बुडको के एमडी रमन कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

दानापुर: कार्यपालक अभियंता का वेतन बंद : सचिव ने दानापुर के इओ को नालों की साफ-सफाई के लिए अल्पकालीन निविदा जारी करने के निर्देश दिये. उन्होंने दानापुर के कार्यपालक अभियंता से पिछले वर्ष हुए जलजमाव को लेकर स्पष्टीकरण पूछने के साथ कार्य में लापरवाही के आरोप में वेतन बंद करने के निर्देश दिये. उन्होंने चार दिनों में खगौल से सगुना मोड़ तक नाले की खुदाई और रोड कटिंग का टेंडर प्रकाशित करने को कहा.

खगौल: बैठक में सचिव ने खगौल के कार्यपालक पदाधिकारी को एलाइनमेंट और सर्वे के लिए कंसल्टेंट एजेंसी की मदद लेने को कहा. इओ ने बताया कि खगौल में तीन मुख्य नालों का निर्माण करना है. सचिव ने कहा कि दानापुर और खगौल के सीओ को भी समन्वय स्थापित कर 17 मार्च को सभी समस्याओं के समाधान के साथ टेंडर के कागजात को तैयार रखें.

बादशाही पइन: बैठक में बादशाही नाले की चिह्नित जगहों पर व्यापक तौर पर सफाई व उड़ाही करने को कहा गया. सिंचाई विभाग के अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य को 15 मई तक पूरा कर दिया जायेगा. सचिव ने बादशाही नाले की चिह्नित 45 जगहों पर अवरोध हटाने के लिए तत्काल काम शुरू करने को कहा.

खाली पदों पर नियुक्ति करने का प्रस्ताव : बुडको के पंप हाउस के संचालन के लिए जल्द पदों की स्वीकृति के लिए कार्रवाई की जायेगी. बुडको को पद सृजन का प्रस्ताव देने का आदेश दिया गया, जिसे स्वीकृति के लिए कैबिनेट को भेजा जायेगा. सचिव ने कहा कि जरूरी पदों पर नियमित नियुक्ति नहीं होने की स्थिति में संविदा पर बहाली के निर्देश दिये.

पटना : 50 किमी तक नालों की सफाई पूरी : नगर आयुक्त ने बताया कि अब तक 50 किमी नालों की सफाई पूरी कर ली गयी है. शेष नालों की सफाई 31 मई से पहले पूरा करने के निर्देश दिये गये. सफाई के बाद नाला उड़ाही की जांच डीएम और नगर आयुक्त की एक संयुक्त टीम करेगी. बैठक में बताया गया कि पोस्टल पार्क चौराहा, मीठापुर बाइपास और बालाजी हॉस्पिटल के पास भूमिगत बिजली के तार हैं, जिसे 15 दिनों तक पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं.

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन