5 रुपये का लिंक भेजकर साइबर ठगों ने उड़ाये 1.07 लाख, ट्रांजेक्शन फेल फिर भी खाली हो गया खाता
साइबर फ्रॉड
पटना में एक व्यक्ति डॉक्टर से इलाज के लिए संपर्क कर रहा था, तभी ठगी का शिकार हो गया. मात्र 5 रुपये के ऑनलाइन भुगतान के प्रयास में उसके खाते से 1.07 लाख रुपये उड़ा लिए गए. ऐसे ही एक अन्य मामले में महिला के खाते से 1.26 लाख रुपये निकाले गए.
पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
आपके शहर में
Cyber Fraud : पटना में डॉक्टर से इलाज के लिए संपर्क करने के दौरान एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया. फतूहा के पचरूखिया निवासी पीड़ित ने डॉक्टर से दिखाने के लिए फोन किया था, लेकिन कॉल फॉरवर्ड होने के बाद एक अंजान व्यक्ति ने खुद को इलाज की प्रक्रिया से जुड़ा बताकर पांच रुपये ऑनलाइन भेजने को कहा. लिंक के माध्यम से भुगतान करने का प्रयास फेल हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद पीड़ित के बैंक खाते से चार बार में कुल 1.07 लाख रुपये निकाल लिये गये.
डॉक्टर को फोन करने के बाद आया ठग का कॉल
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 16 अगस्त को डॉक्टर प्रतिभा राय से इलाज के लिए पर्ची पर दिये गये मोबाइल नंबर पर फोन किया था. कॉल पर बात नहीं हो सकी और फोन फॉरवर्ड हो गया.
कुछ देर बाद एक अंजान नंबर से कॉल आया. फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को डॉक्टर से दिखाने की प्रक्रिया से जुड़ा बताते हुए मरीज का नाम पूछा और ऑनलाइन महज पांच रुपये भेजने को कहा. इसके लिए उसने पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेज दिया.
पांच रुपये का भुगतान फेल, खाते से निकल गये 1.07 लाख
पीड़ित ने भेजे गये लिंक के माध्यम से पांच रुपये का भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल होने का मैसेज आया. इसके कुछ समय बाद बैंक खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 1.07 लाख रुपये कट गये.
घटना के बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी. साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आलमगंज में महिला के खाते से 1.26 लाख की निकासी
वहीं, आलमगंज के गुलजारबाग निवासी एक महिला के पंजाब नेशनल बैंक खाते से साइबर ठगों ने पांच बार में कुल 1.26 लाख रुपये निकाल लिये. महिला के अनुसार, उन्हें न तो कोई संदिग्ध कॉल आया और न ही उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा किया था.
पीड़िता के खाते से यूपीआई के माध्यम से रकम निकाली गयी. खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिलने के बाद महिला ने नेशनल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करायी. बाद में साइबर थाने में भी आवेदन दिया गया.
दोनों मामलों में साइबर पुलिस ने दर्ज किया केस
दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए