पीयू छात्र संघ चुनाव : कला एवं शिल्प महाविद्यालय में होगी मतों की गिनती, पहले दिन बिके 32 नॉमिनेशन फॉर्म

Author Amber md
Updated:
विज्ञापन

पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव को लेकर छात्रों के बीच सरगर्मी तेज हो गयी है.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना

पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव को लेकर छात्रों के बीच सरगर्मी तेज हो गयी है. चुनाव को लेकर बुधवार से नॉमिनिशेन फॉर्म की बिक्री शुरू हो गयी है. पहले ही दिन सेंट्रल पैनल के 17 और काउंसेलर पद के लिए 15 नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री हुई. विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधि विश्वविद्यालय के काउंटर से नॉमिनेशन फॉर्म प्राप्त कर रहे हैं. फॉर्म की कीमत 50 रुपये रखी गयी है. उम्मीदवार 14 फरवरी तक नॉमिनेशन फॉर्म खरीद सकते हैं. नॉमिनेशन की प्रक्रिया 16 से 19 फरवरी तक चलेगी. विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 28 फरवरी को होना है. इसी दिन मतों की गिनती भी होगी और देर रात तक परिणाम भी जारी कर दिया जायेगा. विश्वविद्यालय के निर्वाचन विभाग ने मतों की गिनती के लिए कला-शिल्प महाविद्यालय का चयन किया है. जानकारी के अनुसार यहां सेंट्रल पैनल के सभी पदों के मतों की गिनती होगी. इसके लिए पांच से छह काउंटर बनाये जायेंगे. काउंसेलर पद के मतों की गिनती कॉलेज स्तर पर होगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने कला-शिल्प महाविद्यालय में मतों की गिनती के मद्देनजर जिला प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल देने का आग्रह किया है. मतों की गिनती के दौरान कला-शिल्प महाविद्यालय के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ शंकर कुमार ने बताया कि 13 फरवरी को छात्र संघ चुनाव संपन्न कराने के लिए अहम बैठक होगी, जिसमें चुनाव समिति के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे. बैठक में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए रणनीति पर विचार किया जायेगा.

छात्र संगठनों ने शुरू किया संपर्क अभियान

विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की तिथि नजदीक आते ही छात्र संगठनों ने विद्यार्थियों के बीच संपर्क अभियान शुरू कर दिया है. छात्र संगठनों के सदस्य पटना वीमेंस कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, बीएन कॉलेज, पटना कॉलेज और पटना सायंस कॉलेज में अपने पक्ष में वोट करने के लिए पर्चा बांटना शुरू कर दिया है. एआइएसएफ के छात्र नेता प्रिंस कुमार ने बताया कि सेंट्रल पैनल और काउंसेलर के सभी पदों पर गठबंधन के तहत उम्मीदवार उतारे जायेंगे. इस पर अन्य छात्र संगठनों से बातचीत जारी है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है. विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मैथिली मृणालिनी ने बताया कि संगठन सेंट्रल पैनल और काउंसेलर के सभी पदों पर उम्मीदवार उतारेंगे.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन