CM सम्राट चौधरी झाड़ू लगाकर करेंगे जगन्नाथ रथयात्रा का शुभारंभ, पटना में 40 फीट ऊंचे रथ पर निकलेंगे भगवान जगन्नाथ
इस्कॉन मंदिर के बाहर रथयात्रा की तैयारियां
पटना में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का उत्साह देखने लायक है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर सवार भगवान की यात्रा का शुभारंभ किया. गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी से भी एक भव्य यात्रा निकाली गई, जिसमें कई गणमान्य लोग शामिल हुए.
पटना से सुबोध नंदन की रिपोर्ट
आपके शहर में
Patna News : भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा को लेकर राजधानी पटना में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है. इस्कॉन मंदिर, बुद्ध मार्ग और गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में गुरुवार सुबह से ही भक्तों का जुटना शुरू हो गया. शहर के विभिन्न इलाकों के साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे.
हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
इस्कॉन मंदिर परिसर में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना शुरू हो गई. मृदंग, झांझ और हरिनाम संकीर्तन की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु हरे कृष्ण-हरे राम महामंत्र का जाप करते हुए भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर रहे हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है.
40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर निकलेंगे भगवान
रथयात्रा से पहले दोपहर एक बजे विशेष पूजा और महाआरती का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद भगवान श्रीजगन्नाथ, बड़े भाई बलदेव और बहन सुभद्रा 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे. रथयात्रा का शुभारंभ दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इस दौरान क्रेन की मदद से भगवान को 108 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा.
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा
इस्कॉन मंदिर से निकलने वाली रथयात्रा तारामंडल, इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट, बिहार म्यूजियम और डाकबंगला चौराहा होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी. शाम को मंदिर परिसर में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है.
गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी से भी निकलेगी भव्य रथयात्रा
बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद की ओर से भगवान जगन्नाथ की दूसरी भव्य रथयात्रा गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी से दोपहर तीन बजे निकाली जाएगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की आरती कर तथा रथ मार्ग पर झाड़ू लगाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे. इस अवसर पर भगवान को छप्पन भोग भी अर्पित किया जाएगा.
कई गणमान्य लोग होंगे शामिल
गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी से निकलने वाली रथयात्रा में विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल सहित कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है.
कोलकाता के फूल और वृंदावन कीर्तन मंडली बनेगी आकर्षण
गर्दनीबाग से निकलने वाली रथयात्रा गर्दनीबाग, मीठापुर, अनीसाबाद, कच्ची तालाब और बेउर मोड़ होते हुए वापस ठाकुरबाड़ी पहुंचेगी. यात्रा में कोलकाता से मंगाए गए फूलों की सजावट, मायापुर के मृदंग वादक और वृंदावन की कीर्तन मंडली विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
रथयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था की गई है. वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. स्वयंसेवक भी पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तैनात रहेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए