नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा की डेट फाइनल, पूरे बिहार का दौरा कर कामकाज की जमीनी हकीकत देखेंगे सीएम
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 11 Jan 2026 7:35 PM
नीतीश कुमार की फाइल फोटो
CM Nitish Yatra: 16 जनवरी से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा पर निकलेंगे. इस दौरान वे सभी जिलों में जाकर विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और जनता से सीधे बातचीत करेंगे.
CM Nitish Yatra: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 जनवरी से समृद्धि यात्रा पर निकलेंगे. इस यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री बिहार के सभी जिलों का दौरा करेंगे. वे विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत देखेंगे और आम लोगों से सीधे बातचीत करेंगे. इसका मकसद विकास कार्यों की समीक्षा करना और आगे की योजनाओं को तेज करना है.
समृद्धि यात्रा को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभागों के प्रधान सचिवों और सभी जिलों के डीएम को पत्र भेजा है. पत्र में यात्रा के दौरान जरूरी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं. प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू हो चुकी है.
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे सीएम नीतीश
इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री अलग-अलग जिलों में चल रही सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे. वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और जिन योजनाओं में अड़चन आ रही है, उन्हें दूर करने के निर्देश देंगे. मुख्यमंत्री यह भी देखेंगे कि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं.
मुख्यमंत्री स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम जनता से भी बातचीत करेंगे. लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही समाधान के निर्देश देंगे. इससे स्थानीय स्तर की परेशानियों का जल्द निपटारा होने की उम्मीद है.
इन योजनाओं पर रहेगा खास फोकस
जानकारी के मुताबिक, समृद्धि यात्रा में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, रोजगार और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर खास ध्यान रहेगा. मुख्यमंत्री इन क्षेत्रों में हो रहे कामों की समीक्षा करेंगे और जरूरत पड़ने पर नई दिशा देंगे.
यात्रा के दौरान कई जगहों पर नई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया जाएगा. इससे विकास कार्यों को और रफ्तार मिलेगी. मुख्यमंत्री खुद मौके पर जाकर योजनाओं की शुरुआत करेंगे, ताकि काम तेजी से आगे बढ़े.
कार्यक्रम स्थलों की तैयारियां तेज
राजनीतिक और प्रशासनिक नजरिए से भी समृद्धि यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है. प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुख्ता इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं. जिन जिलों में मुख्यमंत्री जाएंगे, वहां कार्यक्रम स्थलों की तैयारियां की जा रही हैं.
समृद्धि यात्रा से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा पर भी गए थे. उस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास किया था और नई घोषणाएं की थीं. अब समृद्धि यात्रा के जरिए उन योजनाओं की प्रगति को परखने के साथ-साथ नए विकास कार्यों की नींव रखने की तैयारी है.
इस यात्रा से न केवल विकास योजनाओं की समीक्षा होगी, बल्कि शासन और जनता के बीच सीधा संवाद भी मजबूत होगा. माना जा रहा है कि समृद्धि यात्रा बिहार में विकास और सुशासन को नई मजबूती देगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










