पटना में ईमेल भेज निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी, पुलिस और बस निरोधक दस्ता ने जांच की
जांच करती डॉग स्कवाॅयड की टीम
पटना के खगौल स्थित रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. स्कूल को ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई, जिसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया. एहतियात के तौर पर स्कूल खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
Threat to blow up with a bomb : राजधानी पटना के खगौल थाना क्षेत्र के विजय सिंह यादव मोड़ स्थित रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल को शुक्रवार को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स की टीम स्कूल पहुंच गयी. एहतियात के तौर पर छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया.
ईमेल मिलने के बाद खाली कराया गया स्कूल
खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि स्कूल प्रशासन को स्कूल परिसर में बम रखे होने संबंधी धमकी भरे ईमेल मिले थे. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी. धमकी के बाद स्कूल परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके में भी सुरक्षा बढ़ा दी गयी.
बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स ने की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स की टीम मौके पर पहुंची. स्कूल परिसर के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की गयी. फिलहाल तलाशी अभियान के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाये जा रहे हैं.
एक जैसी भाषा में भेजे गये ईमेल
थानाध्यक्ष ने बताया कि स्कूलों को लगभग एक जैसी भाषा में धमकी भरे ईमेल भेजे गये हैं. सभी ईमेल की जांच की जा रही है. पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरे ईमेल कहां से भेजे गये और इसके पीछे कौन व्यक्ति या समूह है.
एटीएस और साइबर सेल भी जांच में जुटे
धमकी भरे ईमेल को जांच के लिए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के पास भेजे जाने की बात कही गयी है. इसके साथ ही साइबर प्रकोष्ठ की मदद से ईमेल के स्रोत का पता लगाने और भेजने वाले व्यक्ति अथवा समूह की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी है. स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए