बिहार की बेटी अंशु की वैश्विक उड़ान, विश्व युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

Updated:
विज्ञापन

बिहार की युवा मुक्केबाज अंशु ने विश्व युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई है. वह 48 किलोग्राम भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी. यह बिहार के लिए गर्व का क्षण है.

विज्ञापन

पटना से धर्मनाथ प्रसाद की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

World Youth Boxing Championships : बिहार की युवा मुक्केबाज अंशु ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. अंशु का चयन अंडर-19 विश्व युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है. वह 48 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. विश्व चैंपियनशिप का आयोजन 14 से 28 अक्टूबर तक बुडवा, मोंटेनेग्रो में किया जायेगा.

भारतीय टीम की जर्सी में रिंग में उतरेंगी अंशु

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने अंशु के चयन की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर अंशु ने भारतीय टीम में जगह बनायी है.

विश्व युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप में दुनिया के विभिन्न देशों से युवा मुक्केबाज हिस्सा लेंगे. ऐसे में अंशु का भारतीय टीम की जर्सी में रिंग पर उतरना बिहार के लिए गौरव का बड़ा अवसर है.

पटियाला में लेंगी राष्ट्रीय प्रशिक्षण

विश्व चैंपियनशिप की तैयारी के लिए अंशु 16 सितंबर से 13 अक्टूबर तक पटियाला में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगी. इस शिविर में भारतीय टीम के चयनित युवा मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा.

सक्षम योजना से मिली मदद

रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि अंशु बिहार सरकार की खेल छात्रवृत्ति नीति के तहत संचालित ‘सक्षम योजना’ की लाभार्थी हैं. इस योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि अंशु की उपलब्धि यह साबित करती है कि छोटे शहरों और साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली प्रतिभाओं को सही अवसर और लगातार प्रशिक्षण मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं.

बिहार के दूसरे खिलाड़ियों का भी बढ़ेगा हौसला

खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने अंशु को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है. अधिकारियों ने विश्व युवा मुक्केबाजी चैंपियनशिप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.

रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि अंशु का चयन केवल बिहार के लिए गर्व की बात नहीं है, बल्कि राज्य के दूसरे युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है. सरकार की खेल नीति और खिलाड़ियों को मिल रहे सहयोग का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है. बिहार के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी पहचान बना रहे हैं.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन