'पैसे लेकर टिकट बेचोगे तो विधायक भागेंगे ही', जीतन राम मांझी का राजद पर हमला

Updated at : 16 Mar 2026 7:56 PM (IST)
विज्ञापन
Jitan Ram Manjhi

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी

Bihar Rajya Sabha Election Result: बिहार राज्यसभा चुनाव में एनडीए ने सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज कर ली है. वोटिंग के दौरान महागठबंधन के चार विधायक विधानसभा नहीं पहुंचे. इसके बाद सियासी माहौल गरम हो गया. एनडीए नेताओं ने राजद और कांग्रेस पर तीखे आरोप लगाए और विपक्ष के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए.

विज्ञापन

Bihar Rajya Sabha Election Result: बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हुए चुनाव का परिणाम सामने आ गया है. इस चुनाव में एनडीए ने सभी पांचों सीटों पर जीत हासिल कर ली है. वोटिंग के दौरान एनडीए के सभी विधायक मौजूद रहे, जबकि महागठबंधन के चार विधायक मतदान में शामिल नहीं हुए. इसके बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है.

क्या बोले मांझी

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों को घेरा है. उन्होंने एक्स पर कहा कि जब टिकट देने में पैसों का खेल होगा तो विधायकों का फोन बंद होना तय है. उनके इस बयान के बाद सियासी बहस और तेज हो गई. बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी राजद और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए.

विजय सिन्हा ने कहा कि राजद अपने ही विधायकों को होटल में बंधुआ मजदूर की तरह रखती है. उनके मुताबिक यह तरीका दोनों दलों की पुरानी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों को होटल में रोककर रखने से डर का माहौल बनाया जाता है और उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश की जाती है.

जदयू नेता बोले- विपक्ष का नेतृत्व हो चुका है कमजोर

इसी मुद्दे पर जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने भी विपक्षी दलों की आलोचना की. उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस का नेतृत्व कमजोर हो चुका है. उनका कहना था कि जब अपने ही विधायक पर भरोसा नहीं होगा तो ऐसी स्थिति बनना स्वाभाविक है. अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि एनडीए के किसी भी विधायक ने पार्टी से दूरी नहीं बनाई. सभी विधायक खुले तौर पर घूमते रहे और मतदान में हिस्सा लिया. इसके उलट महागठबंधन अपने विधायकों को संभाल नहीं पाया.

बताया जा रहा है कि महागठबंधन के चार विधायक मतदान के दौरान विधानसभा नहीं पहुंचे. इनमें तीन विधायक कांग्रेस के और एक विधायक राजद का बताया जा रहा है. इनकी गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. अब इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

तुम बिकते रहो, हम लड़ते रहेंगे- आईपी गुप्ता

रिजल्ट आने के बाद महागठबंधन के साथी नेता आईपी गुप्ता ने लिखा, “हमें खरीदने वालों से कोई शिकायत नहीं. खरीदकर गुलाम बनाना तो उनका धंधा है. तुम बिके, शिकायत तो यही है. हार और जीत एक परिणाम मात्र है, लड़ाई तो शर्त है. तुम बिकते रहो, हम लड़ते रहेंगे.”

इसे भी पढ़ें: बिहार राज्यसभा चुनाव में एनडीए का क्लीन स्वीप, सभी पांच सीटों पर दर्ज की जीत

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन