Bihar Politics: JDU में RCP सिंह की वापसी कंफर्म? ऑफिस के बाहर लगे पोस्टर ने चढ़ाया सियासी पारा
Published by : Preeti Dayal Updated At : 16 Jan 2026 5:06 PM
Bihar Politics: पटना में जेडीयू ऑफिस के बाहर लगे पोस्टर के बाद सियासी पारा चढ़ गया है. दरअसल, उस पोस्टर में सीएम नीतीश कुमार के साथ आरसीपी सिंह और निशांत कुमार की तस्वीर लगी है. इसके साथ ही दोनों का जेडीयू में स्वागत किया गया है.
Bihar Politics: बिहार की सियासत में इन दिनों जनसुराज नेता आरसीपी सिंह के जेडीयू में वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस बीच पटना में जेडीयू ऑफिस के बाहर एक पोस्टर लगाया गया, जिसने सियासी पारा और भी चढ़ा दिया. दही-चूड़ा भोज के दौरान भी जेडीयू नेता के साथ-साथ आरसीपी सिंह ने खुद भी जेडीयू में शामिल होने को लेकर बड़ा बयान दिया था.
पोस्टर में क्या कुछ लिखा?
जेडीयू ऑफिस के बाहर लगे पोस्टर में सीएम नीतीश के साथ उनके बेटे निशांत कुमार की तस्वीर है. इसके साथ ही निशांत के बगल में आरसीपी सिंह की तस्वीर लगाई गई है. पोस्टर में लिखा गया, ‘जेडीयू परिवार में वरिष्ठ नेता आरसीपी सिंह और बड़े भाई इंजीनियर निशांत कुमार जी का हार्दिक स्वागत है.’ इस पोस्टर के सामने आने के बाद आरसीपी सिंह की जेडीयू में वापसी तय मानी जा रही है. लेकिन अब तक कोई औपचारिक एलान नहीं किया गया है. इसके साथ ही निशांत कुमार के राजनीति में एंट्री को लेकर फिर कयास लगाए जा रहे हैं.
दही-चूड़ा भोज के दौरान जेडीयू नेता का बयान
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रत्नेश सदा के आवास पर दही-चूड़ा भोज में जेडीयू विधायक श्याम रजक पहुंचे थे. इस दौरान आरसीपी सिंह की जेडीयू में वापसी को लेकर सवाल किया गया था. जिस पर उन्होंने कहा था, वो अलग थे ही कब. अगर वे जेडीयू में आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है. वे आएं. इस तरह श्याम रजक के बयान के बाद कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे.
आरसीपी सिंह ने क्या कहा था?
इससे पहले आरसीपी सिंह ने खुद ही बड़ा बयान सीएम नीतीश कुमार के साथ रिश्ते को लेकर दिया था. आरसीपी सिंह ने सीएम नीतीश के साथ रिश्ते को लेकर कहा था, ‘हम दोनों तो एक ही हैं. हम उनके साथ 25 सालों तक रहे हैं. जितना हम उन्हें जानते हैं और वे मुझे जानते हैं, उतना कोई नहीं जानता. साथ ही जेडीयू में वापस आने पर कहा था, ये तो आपको पता चल जाएगा.’
बिहार की सियासत में आरसीपी सिंह का सफर
आरसीपी सिंह मूल रूप से नालंदा जिले के रहने वाले हैं. राजनीति में आने से पहले वे आईएएस अधिकारी भी रह चुके हैं. आरसीपी सिंह 2005 से 2010 तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रधान सचिव रहे. इस दौरान बिहार की राजनीति में उनकी अच्छी पकड़ हुई. एक समय यह भी आया कि आरसीपी सिंह जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए. इसके अलावा मोदी कैबिनेट में इस्पात मंत्री भी बनाए गए. लेकिन धीरे-धीरे आरसीपी सिंह और सीएम नीतीश कुमार के रिश्ते में खटास आने लगी.
जानकारी के मुताबिक, जेडीयू को तोड़ने और बीजेपी से नजदीकी बढ़ाने का उन पर आरोप लगा. इसके बाद जेडीयू से इस्तीफा देकर वे बीजेपी में शामिल हो गए. लेकिन 2024 में नीतीश कुमार की पार्टी एनडीए का हिस्सा बन गई. जिसके बाद आरसीपी सिंह ने एनडीए से किनारा किया. इसके बाद बीजेपी से अलग होकर उन्होंने अपनी नई पार्टी ‘आप सबकी आवाज’ बनाई.
इसके बाद आरसीपी सिंह ने 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान किया. इसके साथ ही उन्होंने प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ज्वाइन की. लेकिन विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी खाता तक नहीं खोल सकी. ऐसे में अब राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि जेडीयू में उनकी वापसी हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Preeti Dayal
प्रीति दयाल, प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहीं हैं. यूट्यूब पोर्टल सिटी पोस्ट लाइव से पत्रकारिता की शुरुआत की. इसके बाद डेलीहंट और दर्श न्यूज जैसे मीडिया संस्थानों में काम कर चुकीं हैं. डिजिटल मीडिया और कंटेंट राइटिंग में साढ़े 3 साल का अनुभव है. खबरें लिखना, वेब कंटेंट तैयार करने और ट्रेंडिंग सब्जेक्ट पर सटीक और प्रभावी खबरें लिखने का काम कर रहीं हैं. प्रीति दयाल ने पत्रकारिता की पढ़ाई संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी से की. इस दौरान पत्रकारिता से जुड़ी कई विधाओं को सीखा. मीडिया संस्थानों में काम करने के दौरान डिजिटल जर्नलिज्म से जुड़े नए टूल्स, तकनीकों और मीडिया ट्रेंड्स को सीखा. पहली बार लोकसभा चुनाव 2024 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे बड़े चुनावी कवरेज में काम करने का अवसर मिला. इस दौरान बिहार की राजनीति, चुनावी रणनीतियों, राजनीतिक दलों और प्रमुख नेताओं से जुड़े कई प्रभावशाली और पाठकों की रुचि के अनुसार कंटेंट तैयार किए. चुनावी माहौल को समझते हुए राजनीतिक विश्लेषण और ट्रेंडिंग मुद्दों पर आधारित खबरों को आसान और प्रभावी भाषा में तैयार करना कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. कंटेंट रिसर्च, SEO आधारित लेखन, सोशल मीडिया फ्रेंडली कंटेंट तैयार करना और तेजी से बदलते न्यूज वातावरण में काम करना प्रमुख क्षमताओं में शामिल है. बिहार की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, सिनेमा और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर रुचि और समझ है. टीम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करना और समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करना कार्यशैली का हिस्सा है. प्रीति दयाल का उद्देश्य डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में लगातार सीखते हुए अपनी पत्रकारिता कौशल को और बेहतर बनाना और पाठकों तक विश्वसनीय और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए