20 साल बाद बदला लालू परिवार का पता, राबड़ी देवी ने खाली किया 10 सर्कुलर रोड वाला सरकारी बंगला

Updated:
विज्ञापन

खाली हुआ राबड़ी आवास

Rabri Devi Bungalow Row: करीब 20 साल बाद लालू परिवार ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले को खाली कर दिया है. राबड़ी देवी मुख्यमंत्री बनने के बाद यहां रहने आई थीं. इसके बाद सत्ता बदलने के बावजूद परिवार इसी आवास में रहा.

विज्ञापन

Rabri Devi Bungalow Row: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आखिरकार पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली कर दिया है. गुरुवार को लालू परिवार ने बंगले से अपना सामान हटा लिया और औपचारिक रूप से भवन निर्माण विभाग को इसकी जानकारी दे दी. करीब 20 साल तक इस बंगले में रहने के बाद अब लालू परिवार अस्थायी रूप से अपने निजी आवास में रहेगा. बाद में 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में शिफ्ट होगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

20 साल बाद खाली हुआ चर्चित सरकारी बंगला

10 सर्कुलर रोड का सरकारी बंगला लंबे समय से लालू परिवार का राजनीतिक और पारिवारिक केंद्र रहा है. राबड़ी देवी मुख्यमंत्री रहने के दौरान यहां रहने आई थीं. इसके बाद सत्ता बदलने के बावजूद परिवार इसी आवास में रहा.

पिछले साल नवंबर में बिहार सरकार ने विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राबड़ी देवी के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित कर दिया था. इसके बाद कई बार नोटिस भी भेजे गए, लेकिन बंगला खाली नहीं हुआ. अब करीब सात महीने बाद परिवार ने यह आवास छोड़ दिया है.

फिलहाल निजी घर में रहेगा लालू परिवार

हालांकि राबड़ी देवी अभी नए सरकारी बंगले में नहीं गई हैं. उन्होंने 10 सर्कुलर रोड से सामान हटाकर पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट किया है. बताया जा रहा है कि 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगले में अभी कुछ निर्माण कार्य चल रहा है. काम पूरा होने के बाद ही लालू परिवार वहां जाएगा.

नए बंगले में लालू यादव के लिए कराए जा रहे बदलाव

राबड़ी देवी ने कुछ दिन पहले भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर नए आवास में विशेष सुविधाएं देने की मांग की थी. उन्होंने लालू प्रसाद यादव की खराब सेहत का हवाला देते हुए रैंप, लिफ्ट और एक आउटहाउस बनाने का अनुरोध किया था. विभाग ने उनकी मांग पर काम शुरू करा दिया है. बंगले की मरम्मत के साथ रंग-रोगन भी कराया जा रहा है. माना जा रहा है कि सभी काम पूरे होने के बाद ही परिवार नए आवास में प्रवेश करेगा.

सामान कहां-कहां पहुंचाया गया?

10 सर्कुलर रोड से हटाया गया जरूरी सामान कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रखा गया है. वहीं, अन्य सामान तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास और परिवार के दूसरे परिसरों में भेजा गया है. फिलहाल लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में ही रहेंगे।

राबड़ी देवी ने पहले किया था विरोध

बंगला खाली करने को लेकर पिछले कुछ महीनों से राजनीति भी तेज थी. राबड़ी देवी ने पहले सार्वजनिक तौर पर कहा था कि वह सरकारी आवास खाली नहीं करेंगी. उन्होंने यहां तक कहा था कि सरकार चाहे तो फोर्स भेज दे. इसके बाद भवन निर्माण विभाग ने लगातार नोटिस जारी किए. हाल ही में राबड़ी देवी ने 5 जुलाई तक का समय भी मांगा था. लेकिन तय समय से पहले ही उन्होंने बंगला खाली कर दिया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अब 10 सर्कुलर रोड में कौन रहेगा?

राबड़ी देवी के बंगला खाली करने के बाद अब यह आवास बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को मिलेगा. भवन निर्माण विभाग ने मई 2026 में ही यह बंगला उनके नाम आवंटित कर दिया था. राबड़ी देवी के आवास खाली नहीं करने की वजह से वे अब तक यहां शिफ्ट नहीं हो सके थे. अब विभाग जल्द ही उन्हें बंगला सौंपेगा. हालांकि इससे पहले कुछ मरम्मत और रखरखाव का काम कराया जाएगा.

बंगले के बाहर बदला नजारा

राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करते ही वहां का माहौल भी बदल गया. लंबे समय से बंगले के बाहर मौजूद रहने वाले राजद कार्यकर्ता और समर्थक भी गुरुवार दोपहर बाद वहां से हट गए.

करीब दो दशक तक बिहार की राजनीति का केंद्र रहे 10 सर्कुलर रोड का यह अध्याय अब समाप्त हो गया है. आने वाले दिनों में लालू परिवार 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में शिफ्ट होगा, जबकि 10 सर्कुलर रोड पर सरकार के नए मंत्री का निवास होगा.

Also Read: नितिन नवीन वाली बांकीपुर सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 30 जुलाई को होगी वोटिंग, इलेक्शन कमीशन ने जारी किया पूरा शेड्यूल

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन