कौन है संतोष डॉन जिसके पटना से नालंदा तक 25 ठिकानों पर हुई रेड; 10 साल में बनाई 11.5 करोड़ की अवैध संपत्ति

Published by : Anjani Pandey Updated At : 13 Jun 2026 7:11 PM

विज्ञापन

संतोष के ठिकानों पर रेड करने आई टीम

Bihar EOU Raid : पटना में आर्थिक अपराध ईकाई ने भूमाफिया संतोष डॉन समेत 26 लोगों पर कार्रवाई की है. इनके 25 ठिकानों पर आज एकसाथ रेड की गई है. नीचे पढ़िए पूरी खबर...

विज्ञापन

Bihar EOU Raid : बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध ईकाई (EOU) ने आज पटना के बड़े भू-माफिया में शुमार संजय कुमार उर्फ संतोष कुमार यादव उर्फ संतोष डॉन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस मुख्यालय के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार संतोष डॉन फर्जी दस्तावेज तैयार कर, आपराधिक बल प्रयोग कर भूमि पर अवैध कब्जा करने, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से रंगदारी, लूट, अपहरण, हत्या का प्रयास एवं आर्म्स एक्ट सहित कई दर्जनों घटनाओं में संलिप्त है. वह एक संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर विगत 11 वर्षों में बड़े पैमाने पर परिसंपत्तियां अर्जित कर रहा था.

वर्ष 2015 से अपराध जगत में आया संतोष डॉन

कुख्यात अपराधी संतोष डॉन वर्ष 2015 में अपराध जगत में आया था. वर्ष 2017 से 2025 के बीच उसने करोड़ों रुपये मूल्य की अपराधजनित परिसंपत्ति अपने और अपने परिजनों के नाम से निबंधित कराई. वर्ष 2015 के पूर्व इसे मात्र 7 कट्ठा जमीन पैतृक संपत्ति के रूप में प्राप्त थी. इसके द्वारा फर्जी मोबाइल सिम का उपयोग करते हुए अपराध किया जाता है.

संतोष डॉन के विरुद्ध फतुहा, खुसरूपुर (पटना), भागनबिगहा, सोहसराय, रहुई (नालंदा) आदि थानों में कुल 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें रंगदारी, हत्या के प्रयास, चोरी, लूटपाट, आर्म्स एक्ट आदि धाराएं शामिल हैं. संतोष डॉन द्वारा चलाए जा रहे संगठित गिरोह में शामिल इसके सहित कुल 26 व्यक्तियों के विरुद्ध आर्थिक अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

परिजनों-सहयोगियों के नाम मिली 11.50 करोड़ की संपत्ति

संतोष डॉन ने स्वयं अपने नाम पर कुल 22 परिसंपत्तियां नालंदा एवं पटना के विभिन्न निबंधन कार्यालयों (ग्राम-इमामगंज, सिकंदरपुर, तुफानगंज, सुकरबेगचक, कटौना, हरदासबीघा, कासिमपुर, भूसकी, छोटकी नवादा एवं बैकटपुर आदि) में निबंधित कराई हैं. इनका निबंधन मूल्य करीब 4.44 करोड़ रुपये है. उसने अपनी मां लालती देवी के नाम पर करीब 3.36 करोड़ रुपये मूल्य की कुल 23 परिसंपत्तियां, पत्नी अंजू देवी के नाम पर करीब 1.30 करोड़ रुपये मूल्य की कुल 9 परिसंपत्तियां, सास मानो देवी के नाम पर करीब 83.45 लाख रुपये मूल्य की कुल 4 परिसंपत्तियां और भाई बाल्मीकी यादव एवं उसकी पत्नी रिंकु देवी के नाम करीब 1.15 करोड़ रुपये की परिसंपत्ति निबंधित कराई है. इस प्रकार कुल लगभग 11.50 करोड़ की संपत्ति पाई गई है.

इसके अलावा उसके सहयोगियों मिक्कु कुमार, कर्मवीर, रौशन कुमार, रंजीत सिंह, बिट्टु कुमार, सत्य प्रकाश, संजीव कुमार, दिलीप कुमार आदि के नाम पर कुल 17 परिसंपत्तियां निबंधित पाई गई हैं, जिनका कुल मुल्य करीब 1.79 करोड़ रुपये है.

यहां क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करें

एसटीएफ और पुलिस के सहयोग से 25 ठिकानों पर तलाशी

आर्थिक अपराध इकाई ने आज 13 जून की सुबह 9 बजे से विशेष कार्य बल (STF), पटना एवं नालंदा जिला पुलिस के सहयोग से घेराबंदी करते हुए कुल 25 ठिकानों पर एक साथ तलाशी का कार्य संपन्न किया. इस कांड में संलिप्त कुल 26 अभियुक्तों के ठिकानों पर यह कार्रवाई की गई, जिनमें संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन, बाल्मीकी प्रसाद, मिक्कु कुमार, पिक्कु कुमार, निक्कु कुमार, रविन्द्र कुमार, ललेन्द्र कुमार, कन्हैया यादव, रौशन कुमार, सत्यप्रकाश, अजीत कुमार, धर्मवीर कुमार, राजेश रंजन, धर्मवीर सिंह, राय बहादुर सिंह, राजेन्द्र सिंह, गुड्डु कुमार, शेखर यादव, दिलीप कुमार, शशिभूषण कुमार, शैलेश कुमार, नीतीश कुमार, राकेश साहु, रंधीर कुमार, संजीत कुमार एवं रंजीत सिंह शामिल हैं.

तलाशी के दौरान लाखों की नकदी, गाड़ियां बरामद और 4 गिरफ्तार

तलाशी के दौरान मुख्य अभियुक्त संतोष डॉन के घर से 5,60,000 रुपये नकद, जमीन एग्रीमेंट के पेपर, निवेश के कागजात, एक स्कॉर्पियो (GJ15BB2181), एक फॉर्च्यूनर (BR01PH0747) एवं एक महिंद्रा जीप (BR01BF9357) बरामद हुई. इसके अलावा अभियुक्त सत्यप्रकाश के घर से 2 लाख रुपये नकद, जमीन निबंधन के 14 कागजात, 07 एग्रीमेंट पेपर; अभियुक्त दिलीप कुमार के घर से 15,50,000 रुपये नकद व दो दस्तावेज; अभियुक्त रंजीत सिंह के घर से 3,97,000 रुपये नकद, 13 दस्तावेज व चार एग्रीमेंट पेपर और अभियुक्त ललेन्द्र कुमार उर्फ नरेन्द्र कुमार के घर से एक स्कॉर्पियो (BR01KC5322) बरामद हुई है. इस मामले में अब तक कुल 4 अभियुक्तों (राकेश साहु, रंजीत सिंह, शशिभूषण कुमार और रविन्द्र कुमार) की गिरफ्तारी की गई है.

ALSO READ : कुख्यात संतोष डॉन के 25 ठिकानों पर छापेमारी, छह माह पहले साड़ी पहन भाग निकला था

विज्ञापन
Anjani Pandey

लेखक के बारे में

By Anjani Pandey

अंजनी पांडेय बिहार की डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10+ वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने पटना में दैनिक भास्कर और लाइव सिटीज़ जैसे प्रमुख डिजिटल मीडिया संस्थानों में विभिन्न संपादकीय भूमिकाओं में काम किया है। उन्हें न्यूज़रूम संचालन, कंटेंट रणनीति और डिजिटल संपादन का गहरा अनुभव है। मई 2026 में उप मुख्य कंटेंट राइटर और टीम लीड के तौर पर प्रभात खबर से जुड़ने से पहले करीब डेढ़ साल तक वे राजनीतिक संचार और जनसंपर्क से भी जुड़े रहे हैं। राजनीति, अपराध और समसामयिक घटनाओं से जुड़ी खबरों के आइडिएशन और संपादन में उनकी विशेष रुचि है।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन