बिहार बंद हिंसा में घायल बीडीओ दृष्टि पाठक की आंख की सफल सर्जरी, रितेश ICU में, हालत में सुधार
आईजीआईएमएस पटना
बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा में घायल हुए बीडीओ दृष्टि पाठक की आंख की सफल सर्जरी की गई है. वहीं, एक अन्य घायल अधिकारी रितेश कुमार की ब्रेन सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर बनी हुई है.
बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई में घायल अधिकारियों का इलाज राजधानी के जयप्रकाश मेदांता हॉस्पिटल और आईजीआईएमएस में जारी है. डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की हालत पहले से बेहतर है और इलाज लगातार जारी है.
बीडीओ दृष्टि पाठक की आंख की सफल सर्जरी
छपरा सदर की बीडीओ दृष्टि पाठक की सोमवार को आईजीआईएमएस में आंख की सर्जरी की गई. नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष एवं उपनिदेशक डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा के नेतृत्व में पांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन किया. सफल सर्जरी के बाद उनकी आंख को बचा लिया गया है. फिलहाल उन्हें इमरजेंसी आईसीयू में निगरानी में रखा गया है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे से बाहर है.
इंसुलिन पर रखकर की जा रही निगरानी
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सर्जरी के बाद दृष्टि पाठक की लगातार निगरानी की जा रही है. उन्हें इंसुलिन सपोर्ट पर रखा गया है और चिकित्सकों की टीम उनकी रिकवरी पर नजर बनाए हुए है.
रितेश कुमार की ब्रेन सर्जरी के बाद हालत स्थिर
वहीं सारण के रिविलगंज के बीडीओ रितेश कुमार का इलाज जयप्रकाश मेदांता हॉस्पिटल में चल रहा है. अस्पताल के निदेशक डॉ. रविशंकर सिंह ने बताया कि उनकी ब्रेन सर्जरी सफल रही है. ऑपरेशन के बाद उनकी हालत स्थिर है और वह बातचीत भी कर रहे हैं.
डॉक्टरों की निगरानी में दोनों मरीज
दोनों अस्पतालों के डॉक्टरों का कहना है कि घायल अधिकारियों का इलाज विशेषज्ञ टीम की निगरानी में चल रहा है. फिलहाल दोनों की स्थिति पहले से बेहतर है और उनकी रिकवरी पर लगातार नजर रखी जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए