दानापुर में 21वीं बिहार बटालियन का 46वां स्थापना दिवस मनाया गया, वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
21वीं बिहार बटालियन का 46वां स्थापना दिवस मनाया गया
Bihar Regiment Patna: दानापुर स्थित बिहार रेजीमेंट केंद्र में 21वीं बिहार बटालियन का 46वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर राष्ट्र के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
Bihar Regiment Patna: दानापुर स्थित बिहार रेजीमेंट केंद्र में सोमवार को 21वीं बिहार बटालियन का 46वां स्थापना दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया. इस अवसर पर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. समारोह में अधिकारियों, जेसीओ और जवानों ने वीर स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की.
आपके शहर में
21वीं बिहार बटालियन की स्थापना 20 जुलाई 1981 को दानापुर छावनी में लेफ्टिनेंट कर्नल मोहम्मद मनसूर मलिक के नेतृत्व में की गई थी. स्थापना के बाद वर्ष 1982 से 1985 तक बटालियन हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में तैनात रही, जहां उसने सौंपे गए सभी दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ किया.

कई महत्वपूर्ण अभियानों में निभाई अहम भूमिका
बटालियन ने ऑपरेशन बजरंग (1990-1991), ऑपरेशन रक्षक उरी (1999-2003) और ऑपरेशन अलर्ट (सितंबर 2014) जैसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में भाग लेते हुए अद्वितीय साहस और वीरता का परिचय दिया है. विभिन्न अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण बटालियन को कई वीरता पुरस्कारों, प्रशस्ति पत्रों और सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है. बटालियन में तैनात सैनिकों ने समय-समय पर अपने अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन कर न केवल अपनी इकाई बल्कि पूरे बिहार रेजीमेंट का गौरव बढ़ाया है.

वीर स्मृति स्थल पर दी गई श्रद्धांजलि
देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों की स्मृति में बिहार रेजीमेंट केंद्र स्थित वीर स्मृति स्थल पर विशेष श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया. रेजीमेंट के समादेष्टा ब्रिगेडियर राकेश कुमार बोरा ने बिहार रेजीमेंट के कर्नल की ओर से वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर रेजीमेंट के दण्डपाल लेफ्टिनेंट कर्नल अंकुर कुमार मिश्रा, सूबेदार मेजर नारायण प्रधान सहित कई जेसीओ और जवान उपस्थित रहे. सभी अधिकारियों और सैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी.
देशभक्ति की धुनों से गूंजा परिसर
पुष्पांजलि समारोह के दौरान सेना के बैंड ने वंदे मातरम और रेजीमेंटल गीत सहित देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत कीं, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो उठा. समारोह में उपस्थित सैनिकों ने वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए