अपराध नियंत्रण के लिए पटना में 25 जगहों पर खुलेंगे नए ओपी और टीओपी, पुलिस मुख्यालय को भेजा गया प्रस्ताव

Updated:
विज्ञापन

AI Generated

पटना में अपराध नियंत्रण और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया के लिए 25 नए ओपी और टीओपी खोले जाने की योजना बनायीं जा रही है. पुलिस मुख्यालय को इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है, जिसके तहत संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी.

विज्ञापन

Patna New OP and TOP : राजधानी में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तत्काल पहुंच सुनिश्चित करने के लिए करीब 25 नए ओपी और टीओपी खोलने की तैयारी है. इसके लिए पटना पुलिस की ओर से प्रस्ताव तैयार कर पुलिस मुख्यालय को भेजा गया है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद संबंधित इलाकों में पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी. इससे शहर के उन क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी, जहां फिलहाल किसी घटना के बाद मुख्य थाने से पुलिस बल को पहुंचने में अधिक समय लग जाता है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पटना पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपराध की स्थिति, संवेदनशील इलाकों, बढ़ती आबादी और प्रमुख मार्गों पर यातायात के दबाव को देखते हुए नए ओपी और टीओपी के लिए स्थान चिह्नित किए गए है. अधिकारियों का मानना है कि नए पुलिस पिकेट और ओपी शुरू होने के बाद किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी.

पहले 79 स्थानों पर बने थे ओपी और टीओपी

इससे पहले पिछले माह जिले के 79 स्थानों पर ओपी और टीओपी बनाए गए थे. अब नए प्रस्ताव के तहत शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त व्यवस्था करने की तैयारी है.

इन इलाकों में प्रस्तावित हैं नए ओपी और टीओपी

प्रस्तावित सूची में कदमकुआं थाना क्षेत्र में बाकरगंज और राजेंद्र नगर इलाके, पीरबहोर थाना क्षेत्र में गोविंद मित्रा टीओपी, गांधी मैदान थाना क्षेत्र में सालिमपुर अहरा ओपी और शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में शिवपुरी तथा एजी कॉलोनी टीओपी शामिल हैं.

इसी तरह एसकेपुरी थाना क्षेत्र में एएन कॉलेज टीओपी, कोतवाली थाना क्षेत्र में कमला नेहरू टीओपी, बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में श्रीकृष्णानगर और चौना कोठी टीओपी प्रस्तावित हैं. दीघा थाना क्षेत्र में अटल पथ के नीचे ओपी और रूपसपुर नहर इलाके में टीओपी बनाने का प्रस्ताव है.

पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में इंद्रपुरी टीओपी, गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में पुलिस कॉलोनी और मानिकचंद इलाके में टीओपी तथा सचिवालय थाना क्षेत्र में आर ब्लॉक, पटेल गोलंबर और हार्डिंग रोड इलाके के लिए भी पुलिस व्यवस्था मजबूत करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है.

एग्जीबिशन रोड पर नए ओपी की जरूरत

पटना के एग्जीबिशन रोड इलाके में भी नए ओपी के प्रस्ताव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यह शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवाजाही वाले इलाकों में शामिल है. यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं. चिरैयाटांड़ जंक्शन, मीठापुर फ्लाइओवर और आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक के कारण गांधी मैदान या दूसरे थाने से पुलिस टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार एग्जीबिशन रोड में ओपी खुलने से इलाके में पुलिस की नियमित मौजूदगी रहेगी. अभी किसी घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाने से पुलिस टीम को मौके पर पहुंचने में करीब 30 से 40 मिनट तक लग जाते हैं. नया ओपी शुरू होने के बाद पुलिस पांच से सात मिनट में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी.

अपराधियों पर रहेगी लगातार नजर

नए ओपी और टीओपी बनने के बाद संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्ती और निगरानी बढ़ाई जाएगी. पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से लूट, डकैती, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा किसी घटना के बाद अपराधियों के भागने के रास्तों पर भी नजर रखी जा सकेगी.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए ओपी और टीओपी के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया गया है, जहां से आसपास के बड़े इलाके को कवर किया जा सके. इससे मुख्य थानों पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी.

घटना के बाद जांच में भी मिलेगी मदद

नए पुलिस केंद्रों के खुलने से सिर्फ गश्ती व्यवस्था ही मजबूत नहीं होगी, बल्कि घटनाओं की जांच में भी पुलिस को मदद मिलेगी. किसी वारदात के बाद घटनास्थल तक पुलिस की तत्काल पहुंच होने से प्रारंभिक जांच, साक्ष्य जुटाने और संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया तेजी से शुरू की जा सकेगी.

पुलिस का मानना है कि राजधानी में लगातार बढ़ रही आबादी और वाहनों की संख्या के साथ पुलिस व्यवस्था को भी मजबूत करना जरूरी है. नए ओपी और टीओपी इसी दिशा में उठाया जा रहा कदम हैं. प्रस्ताव को पुलिस मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और चिह्नित इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी.

Also Read : दानापुर में खतरे के निशान से ऊपर पहुंची गंगा, दियारा के दर्जनों गांव जलमग्न, सैकड़ों बीघे फसल डूबी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन