Weather Update : पटना में सुबह से खिली धूप ने बढ़ाई गर्मी, उमस से बेहाल लोग; बिहार के 28 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
सांकेतिक तस्वीर
पटना में सुबह से खिली धूप से गर्मी बढ़ गई है, जिससे लोग उमस से परेशान हैं. वहीं, मौसम विभाग ने राज्य के 28 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें 10 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी है.
Patna Weather Update : राजधानी पटना में शनिवार की सुबह से धूप खिली हुई है. तेज धूप निकलने के कारण एक बार फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है. मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की परेशानी पर भी दिखाई दे रहा है. सुबह के समय कभी धूप तो कभी आसमान में बादल छाने से मौसम का मिजाज बदलता रहा है.
आपके शहर में
शुक्रवार को बादलों की आवाजाही के बीच पटना के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हुई, लेकिन इससे उमस से खास राहत नहीं मिली. पटना और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कभी तेज धूप निकल रही है तो कुछ देर बाद आसमान में बादल छा जा रहे हैं. बारिश होने के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को गर्मी के साथ उमस भी परेशान कर रही है.
बिहार में मानसून हुआ एक्टिव
इस बीच बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को राज्य के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 10 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवा चलने और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली की स्थिति बनने की भी संभावना है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर ,रोहतास और औरंगाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवा चलेगी.
18 जिलों में यलो अलर्ट
वहीं, राज्य के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन में पटना समेत सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, गया, नवादा शामिल है.
इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है. कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को मौसम खराब होने पर सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी गई है.
पटना में 35.5 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
पिछले 24 घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा. दिन में बादलों की आवाजाही के बावजूद तापमान में बड़ी गिरावट नहीं आई. वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को गर्मी के साथ उमस भी परेशान करती रही.
शनिवार सुबह से पटना में धूप खिली हुई है. ऐसे में दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ने की संभावना है. हालांकि, आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने के कारण मौसम कभी भी करवट ले सकता है और कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है.
अगले सात दिनों तक बदला रहेगा मौसम
IMD के अनुसार बिहार में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार के कई इलाकों में भी बारिश होने के आसार हैं.
मानसून की सक्रियता के कारण कहीं कम समय में तेज बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की या मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान बादलों की आवाजाही भी बनी रहने की संभावना है.
तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभावना
बारिश के कारण आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. हालांकि, बारिश से पहले तेज धूप निकलने पर लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.
गंगा के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता
पटना में बारिश और मौसम के बदलाव के बीच गंगा के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है. उत्तराखंड में हो रही बारिश का असर गंगा के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है.
पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है. गांधी घाट पर खतरे का निशान 48.60 मीटर निर्धारित है. वहीं, दीघा में गंगा के जलस्तर का खतरे का निशान 50.45 मीटर है. गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए किनारे रहने वाले लोगों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
रोहतास में सबसे ज्यादा 41 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कई हिस्सों में बारिश हुई. रोहतास में सबसे ज्यादा 41 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके बाद किशनगंज में 26 मिमी, अररिया में 18 मिमी, गोपालगंज में 13 मिमी और समस्तीपुर में 6.2 मिमी बारिश दर्ज की गई.
मानसून के बाद भी बारिश की कमी
मानसून सक्रिय होने के बावजूद बिहार में बारिश की कमी अभी बनी हुई है. राज्य में अब तक सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में बिहार में 690.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 410.7 मिमी बारिश ही हुई है.
ऐसे में आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से राज्य में बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है. फिलहाल पटना में सुबह से निकली धूप के बीच उमस का असर बना हुआ है, जबकि मौसम विभाग के अलर्ट के कारण अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए