ePaper

पटना :आज शाम से बिहार में नहीं बेचा जायेगा सस्ता प्याज, बिस्कोमान अध्यक्ष ने सुरक्षा कारणों का दिया हवाला

Updated at : 28 Nov 2019 8:31 AM (IST)
विज्ञापन
पटना :आज शाम से बिहार में नहीं बेचा जायेगा सस्ता प्याज, बिस्कोमान अध्यक्ष ने सुरक्षा कारणों का दिया हवाला

पटना : गुरुवार की शाम से सूबे में सब्सिडी दर (35 रुपये/किलो) पर बिस्कोमान का प्याज नहीं मिलेगा. जिला प्रशासन से विधि-व्यवस्था को लेकर चिंता जताये जाने के बाद निराश होकर बिस्कोमान अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने पटना सहित पूरे बिहार में प्याज की बिक्री बंद करने का निर्णय लिया है. बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस […]

विज्ञापन
पटना : गुरुवार की शाम से सूबे में सब्सिडी दर (35 रुपये/किलो) पर बिस्कोमान का प्याज नहीं मिलेगा. जिला प्रशासन से विधि-व्यवस्था को लेकर चिंता जताये जाने के बाद निराश होकर बिस्कोमान अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने पटना सहित पूरे बिहार में प्याज की बिक्री बंद करने का निर्णय लिया है.
बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर उन्होंने बताया कि गुरुवार की सुबह बिस्कोमान परिसर सहित 18 वार्डों में आने वाले लोगों को प्याज बांट कर शाम से इसे बंद कर दिया जायेगा. सिर्फ दस वैन से छूटे इलाकों में रविवार तक प्याज बांटे जायेंगे.
बॉर्डर पर खड़े नौ ट्रक झारखंड भेजे गये : बिस्कोमान अध्यक्ष ने बताया कि सदर एसडीओ के फोन के बाद बिहार के बॉर्डर पर खड़े प्याज लदे दस में से नौ ट्रक को झारखंड, जबकि एक ट्रक को आरा भेज दिया गया.
बुधवार को बिस्कोमान के अगले भाग के 15 काउंटरों को बंद रखा गया. इसकी वजह से अंदर में 20 काउंटर खोल कर लोगों को प्याज बेचने का निर्देश दिया. भीड़ की स्थिति को देखते हुए दोपहर बाद महिलाओं के लिए अलग से पांच काउंटर की व्यवस्था करनी पड़ी.
सुबह सात बजे से ही लाइन में लगे लोग : सस्ती दर पर प्याज खरीदने को लेकर बिस्कोमान के पास सुबह सात बजे से ही भीड़ लगनी शुरू हो गयी. लोग दो किलो प्याज के लिए दो से तीन घंटे तक लाइन में खड़े रहने को तैयार दिख रहे थे. बिस्कोमान के एमडी आरपी सिंह ने बताया कि बुधवार को 61 हजार लोगों को 1.20 लाख किलो प्याज बांटा गया. यह प्याज बिस्कोमान भवन के अंदर बने 20 काउंटरों के साथ ही 18 वार्डों में बने काउंटर व शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूम रहे 15 वैन के माध्यम से बंटे.
अध्यक्ष बोले, सिर्फ रविवार तक शहर के छूटे इलाकों में घूम-घूम कर वैन से बेचेंगे प्याज
नुकसान सहें और मुकदमा भी झेलें !
प्रशासन से सहयोग न मिलने से नाराज बिस्कोमान अध्यक्ष ने कहा कि नेफेड का अध्यक्ष होने की वजह से उनको प्याज उपलब्ध हो रहा है. प्रत्येक ट्रक पर बिस्कोमान को नौ लाख रुपये का नुकसान हो रहा है. इसमें राज्य सरकार का एक रुपये का भी सहयोग नहीं है. ऐसे में हम किफायती प्याज भी बांटे और मुकदमा भी झेलें? प्रशासन के स्तर पर प्याज वितरण में कहीं भी मदद नहीं मिल रही.
…तो हम 60 रुपये किलो दाल भी बेचेंगे
सुनील सिंह ने कहा कि छठ पर्व के मौके पर हमने मात्र 75 रुपये किलो की दर पर 51 ट्रक कश्मीर से सेब लाकर पटना में बेचा. महंगी को देखते हुए हमने प्याज भी घाटा सह कर प्याज भी बेचा. आगे अगर दाल का दाम भी 100 रुपये से ऊपर हुआ तो हम 60 रुपये की सब्सिडी दर पर दाल भी बेचेंगे.
प्याज ब्रिकी को लेकर हमने नहीं लगायी कोई रोक, पर व्यवस्था बेहतर हो : डीएम
पटना : बिस्कोमान द्वारा स्टॉल लगाकर प्याज बेचे जाने के संबंध में डीएम कुमार रवि ने स्पष्ट किया है कि प्याज बेचे जाने पर किसी प्रकार की कोई रोक नहीं लगायी गयी है. गांधी मैदान के पास बिक्री केंद्र की स्थिति देखते हुए ट्रैफिक नियंत्रण व विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से अन्य बिक्री केन्द्रों पर बेहतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है.
जिला प्रशासन का कहना है कि प्याज बिक्री केंद्र इस प्रकार से खोला जाये, कि एक ही जगह पर अत्याधिक भीड़ इकट्ठी नहीं हो. बिक्री केंद्र से रोड ट्रैफिक को बाधा नहीं हो तथा रोड ट्रैफिक से लाइन में खड़े लोगों को कठिनाई नहीं हो. ट्रक को रात में ही मुख्य सड़कों से अनलोड कर निकाल लिया जाय तथा दिन में ट्रैफिक व्यवस्था में दिक्कत नहीं हो.
खरीदारों के लिए सुचित पार्किंग की व्यवस्था की जाये. प्याज बिक्री के लिए ऐसे ही स्थलों का चयन किया जाय, जहां पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था हो. अगर आवश्यक हो तो पेयजल की भी व्यवस्था की जाये. बिस्काेमान गांधी मैदान के पास प्याज खरीदने के लिए महिलाएं लाइन में खड़ी रहती हैं. उनके साथ बच्चे भी रहते हैं, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिस्कोमान को समुचित सुविधा उपलब्ध करने का निर्देश दिया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन