ePaper

पटना : 439 पर एफआइआर, नौ गिरफ्तार

Updated at : 21 Jan 2019 9:03 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : 439 पर एफआइआर, नौ गिरफ्तार

पॉलसन रोड में जमीन अधिग्रहण के दौरान झड़प मामले में कड़ी कार्रवाई पटना : आवास बोर्ड की जमीन को अधिग्रहण करने के दौरान शनिवार को पॉलसन रोड में हुए उपद्रव मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने सीओ सदर प्रदीप कुमार सिन्हा के आवेदन पर 39 लोगों के खिलाफ नामजद व 400 […]

विज्ञापन
पॉलसन रोड में जमीन अधिग्रहण के दौरान झड़प मामले में कड़ी कार्रवाई
पटना : आवास बोर्ड की जमीन को अधिग्रहण करने के दौरान शनिवार को पॉलसन रोड में हुए उपद्रव मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने सीओ सदर प्रदीप कुमार सिन्हा के आवेदन पर 39 लोगों के खिलाफ नामजद व 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है.
नामजद आरोपितों में मुख्य रूप से राम भजन यादव, मुकेश राय, मुनचुन राय, संजय राय, मनोज राय, रामबदन राय, कुंती देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं. पुलिस ने इस कांड में सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस की राइफल छीनने का प्रयास, पुलिस पर जानलेवा हमला करने का प्रयास, आग में जलाने का प्रयास, अवैध असलहे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है. वहीं रविवार को नौ लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें एक महिला व आठ पुरुष हैं.
इसके पहले शनिवार को तीन लोग गिरफ्तार किये ये थे. ऐसे में कुल 12 को गिरफ्तार किया जा चुका है. सीओ ने अपने आवेदन में लिखा है कि उग्र लोगों को पहले समझाने का प्रयास किया गया लेकिन वह लोग महिलाओं व बच्चों को आगे करके उग्र प्रदर्शन करने लगे.
दीघा थाने की पुलिस, सिटी एसपी समेत अन्य पदाधिकारियों ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया लेकिन अपने जिद्द पर अड़े रहे. लोगों ने टायर जलाकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. पुलिस ने रोका तो जानलेवा हमले का प्रयास किया गया है. इस मामले में थानाध्यक्ष का कहना है कि सभी आरोपितों की तलाश चल रही है.
सीओ सदर का कहना है कि हिंसक झड़प करने वाले लोगों की शिनाख्त की जा रही है. कड़ी कार्रवाई की जायेगी. रविवार को पुलिस पॉलसन रोड में सक्रिय रही. कहीं जगहों पर छापेमारी की गयी. पुलिस इस कांड के मुख्य आरोपी रामभजन सिंह यादव को तलाश रही है. आरोप है कि रामभजन ने ही भीड़ ललकारा, और उसकी की अगुवाई में पुलिस-प्रशासन पर हमला किया गया. गौरतलब है कि रामभजन सिंह यादव बीते साढ़े चार सौ दिनों से अखिल भारतीय बाढ़-सूखाड़ एवं कटाव पीड़ित संघर्ष मौर्चा के बैनर तले दीघा को अधिग्रहण मुक्त करने के लिए आंदोलन कर रहा था.
शांतिपूर्ण रहा माहौल अधिकारी करते रहे गश्ती
अधिग्रहण कार्रवाई के दूसरे दिन नेपाली नगर का माहौल शांतिपूर्ण रहा. अधिग्रहण जमीन के प्रमुख निकासी क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती रही. वहीं प्रशासन के मजिस्ट्रेट से लेकर कई बड़े अधिकारियों ने निरीक्षण का काम किया. वहीं एसएसबी ने अस्थायी तंबू लगा दिया है. उस पर दिन पर एसएसबी के जवान तैनात रहे. इसके अलावा बगल के सीबीएसइ वाली जमीन पर भी पुलिस की तैनाती रही. दूसरी तरफ आवास बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि लोग मुआवजा के लिए आवेदन करें, हम लोग आगे की कार्रवाई करेंगे.
पटना. दीघा में बिहार राज्य आवास बोर्ड की ओर से अधिग्रहण के विरोध में स्थानीय लोग आंदोलन करेंगे. इसकी तैयारी की जा रही है. दीघा कृषि भूमि-आवास बचाओ संघर्ष समिति की ओर से सोमवार को बैठक का आह्वान किया गया है. समिति के अशोक कुमार ने बताया कि राजीव नगर के रोड नंबर छह में शिव मंदिर के पास लोगों को आने के लिए कहा गया है. स्थानीय लोग दिन के तीन बजे आयेंगे.
बैठक में भाजपा के कार्यकर्ताओं को बुलाकर पार्टी बहिष्कार कराने की योजना है. फिर आगे निर्णय लिया जायेगा कि आवास बोर्ड के विरोध में क्या कार्रवाई की जाये. वहीं दीघा के वार्ड एक के पूर्व पार्षद संजय सिंह ने बताया कि उनकी प्रशासन से बात हुई है. डीएम अब भी लोगों के मुआवजा दिलाने की बात कह रहे हैं, लेकिन इसके लिए लोगों को अपने कागजातों को तैयार कर आवास बोर्ड में आवेदन करना होगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन