पटना : 10 पुलिस जवानों को हुआ डेंगू, तीन गुनी बढ़ी प्लेटलेट्स की मांग, वसूल रहे मनमाना दाम

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 22 Oct 2018 7:35 AM

विज्ञापन

डेंगू के डंक से परेशान शहर : 400 रुपये के प्लेटलेट्स के लिए 1500 से 2000 रुपये तक वसूल रहे निजी ब्लड बैंक पटना : पटना सहित पूरे बिहार में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है. अधिकतर अस्पतालों में डेंगू, मलेरिया और वायरल के मरीजों की संख्या से बेड फुल हैं. इसका असर शहर […]

विज्ञापन
डेंगू के डंक से परेशान शहर : 400 रुपये के प्लेटलेट्स के लिए 1500 से 2000 रुपये तक वसूल रहे निजी ब्लड बैंक
पटना : पटना सहित पूरे बिहार में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है. अधिकतर अस्पतालों में डेंगू, मलेरिया और वायरल के मरीजों की संख्या से बेड फुल हैं.
इसका असर शहर के सरकारी व प्राइवेट ब्लड बैंक में भी देखने को मिल रहा है. ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स की डिमांड तीन गुनी से भी ज्यादा बढ़ गयी है. शहर में मलेरिया और डेंगू के 400 से ज्यादा संदिग्ध केस सामने आ चुके हैं. पटना में तीन मरीजों की मौत भी हो चुकी है.
वायरल फीवर में भी प्लेटलेट्स की संख्या हो जाती है कम : डॉक्टरों की मानें, तो डेंगू के साथ-साथ वायरल फीवर के केस में भी प्लेटलेट्स की संख्या कम हो जाती है. इसलिए प्लेटलेट्स की डिमांड और बढ़ गयी है.
रेडक्रॉस ब्लड बैंक के चेयरमैन डॉ विनय बहादुर सिन्हा ने बताया कि इस समय ब्लड बैंक में ब्लड और प्लेटलेट्स की डिमांड बढ़ गयी है. पहले हर दिन 60 से 70 यूनिट ब्लड की डिमांड रहती थी़ लेकिन, इस समय हर दिन 150 से 160 यूनिट ब्लड की डिमांड हो रही है. कई बार तो एक दिन में 160 यूनिट से भी ज्यादा प्लेटलेट्स की डिमांड हो रही है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नहीं की गयी है निजी ब्लड बैंकों की कोई रेट फिक्स
ब्लड सेपरेटर मशीन का अभाव
शहर के पीएमसीएच, आईजीआईएमएस व रेडक्रॉस ब्लड बैंक के बदौलत डेंगू मरीजों का इलाज चल रह है. क्योंकि, वर्तमान समय में सिर्फ इन तीनों ब्लड बैंक में ही ब्लड सेपरेटर मशीन की व्यवस्था की गयी है. जहां से मरीजों को नि:शुल्क प्लेटलेट्स मिलता है. जबकि, शहर के सभी क्षेत्रों से डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं. नतीजा शहर के डेंगू मरीजों को सही मायने में प्लेटलेट्स नहीं मिल पा रहे हैं, उनको निजी ब्लड बैंकों का सहारा लेना पड़ रहा है.
रेट फिक्स करने के लिए अधिकारियों से होगी बात
शहर के प्राइवेट ब्लड बैंक प्लेटलेट्स की बिक्री के नाम पर मनमाने पैसे वसूले रहे हैं. शहर के निजी अस्पतालों और प्राइवेट ब्लड बैंक में एक यूनिट प्लेटलेट्स चढ़वाने के लिए पीड़ितों को 12-13 हजार रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं. जबकि, छोटे यूनिट 1500 से 2000 रुपये तक ले रहे हैं.
जबकि, वास्तविक रेट सिर्फ 400 रुपये है. जानकारों की मानें, तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्लेटलेट्स का कोई रेट फिक्स नहीं किये जाने की वजह से मनमानी जारी है. इधर सिविल सर्जन डॉ पीके झा का कहना है कि प्लेटलेट्स का रेट फिक्स होना चाहिए. साथ ही मरीजों की सुविधा को देखते हुए निजी ब्लड बैंकों को एक समान रेट फिक्स कर लिस्ट लगानी चाहिए. कहां से परेशानी हो रही इस मामले को ऊपर के अधिकारियों के सामने रखा जायेगा.
पीएमसीएच में अब तक 32 डेंगू मरीज हुए भर्ती, पांच बेड बढ़े
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डेंगू मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार मिल रहे मरीज के कारण स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था का पोल खुल गया है. रविवार तक पीएमसीएच में कुल 32 मरीज भर्ती हुए हैं. इनमें अकेले 25 मरीज डेंगू वार्ड में भर्ती हैं.
जिनका इलाज चल रहा है. मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पीएमसीएच के डेंगू वार्ड में पांच बेड की संख्या बढ़ा दी गयी है. अब 20 की जगह 25 बेड का वार्ड बनाया गया है. बड़ी बात तो यह है कि सभी 25 बेड डेंगू मरीजों से फुल हो गया है. वहीं बाकी सात अन्य मरीजों का अलग-अलग वार्ड में इलाज चल रहा है. जानकारी देते हुए पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि पीएमसीएच में प्लेटलेट्स की डिमांड काफी बढ़ गयी है. अगर यही स्थिति रहा तो बाहर के मरीजों को प्लेटलेट्स देना बंद करना पड़ सकता है. वहीं डॉ राजीव रंजन ने कहा कि रविवार को डेहरी ऑन सोन से एक गंभीर बच्चे को लाया गया है. दो साल के इस बच्चे का इलाज पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है, जो अस्पताल प्रशासन अपने स्तर पर खर्च कर रहा है.
एनएमसीएच में तीन मरीज भर्ती
पटना सिटी : डेंगू के बढ़े प्रकोप से नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल की सेंट्रल पैथोलॉजी में डेंगू की जांच के 15 मरीजों के सैंपल आये थे, जिनमें अस्पताल के दो डॉक्टरों के भी सैंपल शामिल हैं. इसके अतिरिक्त अस्पताल के मेडिसिन विभाग में डेंगू पीड़ित तीन मरीजों को इलाज के लिए भर्ती किया गया है. चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल की पैथोलॉजी विभाग में जांच के लिए पांच नमूने आये थे, जिनमें तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है. अस्पताल अधीक्षक डॉ चंद्रशेखर ने बताया कि डेंगू मरीजों के लिए पर्याप्त जांच किट की व्यवस्था है.
पटना के 10 पुलिस जवानों को डेंगू
पटना : डेंगू के डंक से अब डॉक्टर व नगर-निगम के कर्मचारी है नहीं बल्कि पुलिस के जवान भी चपेट में आने लगे हैं. रविवार को पटना पुलिस के 10 सिपाहियों को जैसे ही डेंगू की पुष्टि हुई पुलिस विभाग से लेकर स्वास्थ्य व नगर-निगम विभाग में हड़कंप मच गया. जवानों में डेंगू का खौफ साफ देखने को मिल रहा है. रविवार को पटना जिला पुलिस मेंस एसोसिएशन के सहायक मंत्री राजीव कुमार दुबे सहित 10 पुलिस कर्मियों को डेंगू हुआ है.
इसमें रवि कुमार, प्रेम प्रकाश, रविशंकर सिंह, सरोज कुमार, चिंटू कुमार सहित कुल 10 सिपाहियों को डेंगू हुआ है. सभी पुलिस जवान अलग-अलग अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं. इधर डेंगू की पुष्टि होने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों से थाना, पुलिस आवासीय परिसर आदि जगहों पर दवा छिड़काव आदि का आदेश जारी किया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन