पटना : नशे में आधी रात को सिगरेट की तलाश में दोस्तों संग निकला था दीपक, पुलिस को देख भागे, ट्रैक पर मौत

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 05 Aug 2018 6:21 AM

विज्ञापन

बीमा भारती के बेटे की मौत का मामला. मृत्युंजय के फ्लैट पर छह दोस्तों के साथ चली थी शराब पार्टी पटना : जदयू विधायक बीमा भारती के बेटे दीपक राज की मौत की घटना वाली रात दीपक के साथ मौजूद उसके दोस्तों ने पुलिस के सामने जो कुछ कबूल किया है उससे मौत की गुत्थी […]

विज्ञापन
बीमा भारती के बेटे की मौत का मामला. मृत्युंजय के फ्लैट पर छह दोस्तों के साथ चली थी शराब पार्टी
पटना : जदयू विधायक बीमा भारती के बेटे दीपक राज की मौत की घटना वाली रात दीपक के साथ मौजूद उसके दोस्तों ने पुलिस के सामने जो कुछ कबूल किया है उससे मौत की गुत्थी लगभग सुलझ गयी है. हालांकि पुलिस की पूछताछ और जांच अभी जारी है. जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात महावीर कॉलोनी, बहादुरपुर में दीपक राज के दोस्त मृत्युंजय कुमार के फ्लैट पर शराब पार्टी हुई थी. पार्टी में दीपक समेत सात लोग थे.
दीपक के दोस्तों ने बताया कि रात के करीब ढाई बजे तक पार्टी चली, इसके बाद सिगरेट की तलब लगी. मृत्युंजय, ऋतिक रौशन, विकास और दीपक पैदल ही रूम से निकले और बाजार समिति, केला मंडी के रास्ते बहादुर बगान होकर आगे बढ़ने लगे. वे कंकड़बाग और पुरानी बाईपास के बीच रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे थे तभी क्विक मोबाइल के जवान गश्ती करते दिखे. नशे में होने के कारण पुलिस को देखकर सभी डर कर भागने लगे. इस भागा-भागी में दीपक तीनों दोस्तों से बिछड़ गया. मृत्युंजय, विकास और ऋतिक रौशन भागकर रूम पर पहुंचे गये, लेकिन दीपक नहीं पहुंचा. सभी सो गये और सुबह दीपक के मौत की खबर मिली.
छठे की तलाश जारी : दीपक की मौत के मामले की तफ्तीश तेज हो गयी है. रेल एसपी व एसएसपी मनु महाराज अपनी पूरी टीम के साथ छानबीन में जुटे हुए हैं. पुलिस ने मृत्युंजय, ऋतिक रौशन के अलावा उसके तीन और दोस्तों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ जारी है. एक और दोस्त की तलाश जारी है.
सदमे से उबर नहीं पायी हैं बीमा : बेटे की मौत के गम में रोते-रोते विधायक बीमा भारती के अब आंसू भी सूख गये पर वे सदमे से उबर नहीं पायी हैं. उनकी आंखे खुली हैं, सबको देख भी रही हैं पर कुछ बोलती नहीं. भिट्ठा स्थित अपने घर में बिछावन पर वे चेतनाशून्य सी पड़ी हुई हैं. हालांकि डाॅक्टर और नर्स लगातार उनके स्वास्थ्य का चेकअप कर रहे हैं. इधर अवधेश मंडल ने सरकार से अपने बेटे के हत्यारे की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
हत्या के नजरिये से दोस्त हैं घेरे में
दीपक की मौत पर उलझी पहेलियों से कई सवाल खड़े होते हैं. इस लिहाज से क्या दोस्तों की बात पर 100 प्रतिशत यकीन कर लेना ठीक होगा?
हत्या के नजरिये से देखा जाये तो यह भी संभव है कि साजिश के तहत उसके दोस्तों ने किसी के कहने पर उसे बुलाया, शराब पिलायी और आधी रात को उसे मार दिया गया या फिर ट्रेन के आगे धक्का दे दिया. फिलहाल पुलिस की तफ्तीश जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. सोमवार की सुबह तक रिपोर्ट आने की बात कही जा रही है. पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों की मानें तो दीपक की मौत सिर के बीचोबीच में लगे गंभीर चोट से हुई है. चाकू या गोली से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है. घटना स्थल से ऐसा कोई सबूत भी नहीं मिला है.
रंजिश, प्रेम संबंध के तथ्यों को खंगाल रही है पुलिस
पूर्णिया के रुपौली से जदयू विधायक बीमा भारती ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. इसमें पूर्व विधायक शंकर सिंह, चंदन सिंह, राजेश मंडल, गुगुल मंडल, संतोष मंडल और दीपक के दोस्तों के नाम शामिल हैं. इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि दीपक अपने गांव के बगल में रहने वाली एक लड़की से शादी भी कर चुका था, लेकिन दोनों के घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था.
सोशल मीडिया पर दोनों की एक साथ फोटो वायरल होने के बाद दीपक को धमकी मिली थी. पुलिस दीपक के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल निकाल छानबीन कर रही है. पटना पुलिस की एक टीम को पूर्णिया भेजा गया है. पुलिस दीपक के हत्या से जुड़े कुछ तथ्यों को खंगालने के लिए पूर्णिया गयी है. यहां बता दें कि दीपक की मां व विधायक बीमा भारती ने सात लोगों को नामजद किया है. इस मामले में छानबीन के लिए टीम को भेजा गया है.
हर चेहरा गमजदा
मुखाग्नि देते मुंह को आ रहा था राजा का कलेजा
पूर्णिया. महज उन्नीस साल की उम्र में बड़े भाई को मुखाग्नि देने वाले राजा भले ही बहुत कुछ नहीं समझ रहा हो पर वह इतना जरूर समझ रहा था कि उसका भाई अब इस दुनिया में नहीं रहा. गम अगर उसके माता-पिता को है तो वह भी कम गमजदा नहीं. भाई को मुखाग्नि देते हुए उसका कलेजा मुंह को आ रहा था. शनिवार को वह मुखाग्नि देने के लिए चिता के चारों तरफ घूम रहा था और आंखें बरस रही थी.
भिट्ठा गांव के किसी घर में नहीं जला है चूल्हा
पूर्णिया. जिस भिट्ठा गांव में लोग
हंसी-खुशी और मस्ती में रह रहे थे वहां आज हर चेहरा दुखी है. यहहादसा विधायक बीमा भारती के घर पर जरुर हुआ है पर दुखों का पहाड़ पूरे गांव पर टूटा है. यहां पूरे गांव में रात से ही किसी घर में चूल्हा नहीं जला है.
घर के बड़ों को खाने का होश नहीं और बच्चों को उनकी मां चूड़ा-मूढ़ी खिला कर पेट भर रही हैं. गांव के हर घर का यही हाल है. सबके सब कुछ इस कदर मर्माहत है मानों यह हादसा उनके अपने घर में हुआ हो. गांव के बड़े बुजुर्ग बताते हैं कि जैसे ही इस घटना की खबर आयी वे सकते में रह गये.
क्या है मामला
विधायक बीमा भारती के पुत्र दीपक राज की एनएमसीएच के सामने रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की सुबह लाश मिली थी. घरवालों ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गयी है. जबकि अब तक की छानबीन में पता चला है कि वह घटना वाली रात अपने दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था. फिलहाल मामले की छानबीन जारी है. पटना के एसएसपी मनु महाराज और रेल एसपी एसआईटी के साथ जांच कर रहे हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन