Patna Traffic Plan: नए साल के जश्न में ट्रैफिक सख्त, गांधी मैदान समेत कई रास्तों पर ऑटो-ई रिक्शा बैन

Updated:
विज्ञापन

AI जनरेटेड इमेज प्रतीकात्मक तस्वीर

Patna Traffic Plan: नया साल जश्न के साथ-साथ सख्ती भी लेकर आया है. गांधी मैदान की ओर जाने का प्लान है, तो रास्ता और नियम दोनों जान लेना जरूरी है, वरना जाम और चालान तय है.

विज्ञापन

Patna Traffic Plan: नववर्ष और गांधी मैदान में आयोजित सरस मेले को लेकर पटना में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. ट्रैफिक पुलिस ने शहर के मध्य हिस्से, खासकर गांधी मैदान और उससे सटे इलाकों में सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

गुरुवार को इन क्षेत्रों में ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी. वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा है और विशेष मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं.

गांधी मैदान बना नो-ऑटो जोन, कई मार्गों पर सख्त पाबंदी

पटना ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. दानापुर की ओर से राजापुर पुल होते हुए आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को पुलिस लाइन तिराहे से वापस मोड़ दिया जाएगा.

अशोक राजपथ पर गायघाट की तरफ से आने वाले वाहन करगिल चौक से डबल डेकर के पश्चिमी छोर से ही लौटेंगे. एग्जीबिशन रोड में भट्टाचार्य चौराहे से उत्तर गांधी मैदान की दिशा में ऑटो चलाने की अनुमति नहीं होगी. एसपी वर्मा पथ से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा स्वामीनंदन तिराहे तक ही पहुंच सकेंगे, इसके आगे उन्हें बाटा मोड़ के रास्ते वापस भेजा जाएगा.

बुद्धमार्ग, छज्जूबाग और बैंक रोड भी रहेंगे प्रतिबंधित

नववर्ष की भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए बुद्धमार्ग में छज्जूबाग से टीएन बनर्जी पथ तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे. कोतवाली टी से पुलिस लाइन तिराहे तक भी यही नियम लागू रहेगा.

पुलिस लाइन गेट नंबर-01 से बैंक रोड में भी इन वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. हालांकि मछुआ टोली से बारी पथ होते हुए ठाकुरबाड़ी मोड़ तक ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन की अनुमति दी गई है, ताकि वैकल्पिक आवागमन बना रहे.

नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर चलेगा क्रेन

ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है कि चिड़ियाघर गेट नंबर-01 और राजवंशीनगर हनुमान मंदिर के आसपास सड़क पर खड़ी गाड़ियों को क्रेन से उठाया जाएगा. यहां आने वाले वाहन वेटनरी कॉलेज के खाली मैदान में पार्क किए जाएंगे. पटना जंक्शन, हनुमान मंदिर और गोलंबर के आसपास सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. कुम्हरार पार्क के पास दोनों ओर की कच्ची फ्लैंक पर ही वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है.

नववर्ष पर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट, नौ मेडिकल टीमें तैनात

नए साल के जश्न, ठंड और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस ली है. पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एम्स और गार्डिनर रोड अस्पताल सहित सभी प्रमुख सरकारी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

पटना सिविल सर्जन के निर्देश पर नौ स्वास्थ्य टीमें 24 घंटे सक्रिय रहेंगी. ये टीमें भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और ट्रॉमा-संवेदनशील मार्गों पर तैनात रहकर किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएंगी.

जश्न में सावधानी की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय प्रशासन व स्वास्थ्य सेवाओं की मदद लें, ताकि नववर्ष का जश्न सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से मनाया जा सके.

Also Read:Bihar News: नये साल में बिहार को मिली खुशखबरी, कैमूर में टाइगर रिजर्व को मिली सैद्धांतिक सहमति

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन