पटना समेत 13 नगर निकायों में 126 करोड़ से बनेगा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, कचरे से बनेगी बिजली और गैस

Updated:
विज्ञापन
एआई जेनरेटेड

एआई जेनरेटेड

Patna Waste to Energy Plant: राजधानी पटना और आसपास के 12 नगर निकायों का कचरा अब बिजली, गैस और खाद में बदला जाएगा. रामचक बैरिया में 40 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक वेस्ट टू एनर्जी प्लांट स्थापित होगा. यह परियोजना न केवल कचरा प्रबंधन में क्रांति लाएगी, बल्कि राजस्व का एक नया स्रोत भी खोलेगी.

विज्ञापन

Patna Waste to Energy Plant : राजधानी पटना और आसपास के 12 नगर निकायों के कचरे से अब बिजली, गैस और जैविक खाद का उत्पादन किया जाएगा. एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के तहत रामचक बैरिया में 40 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक वेस्ट टू एनर्जी प्लांट स्थापित किया जाएगा. शुरुआती चरण में प्लांट के निर्माण के लिए 20 से 25 एकड़ जमीन का उपयोग किया जाएगा. फिलहाल बैरिया में दानापुर, फुलवारीशरीफ, खगौल और संपतचक से कचरा पहुंचता है, लेकिन प्लांट शुरू होने के बाद कुल 13 नगर निकायों का कचरा यहां प्रोसेस किया जाएगा.

126 करोड़ सरकार देगी, बाकी निवेश कंपनी करेगी

इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत करीब 514 करोड़ रुपये है. टेंडर प्रक्रिया में सबसे कम बोली लगाने वाली हैदराबाद की कंपनी री-सस्टेनेबिलिटी को निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है. कंपनी सरकार से केवल 126 करोड़ रुपये लेगी, जबकि शेष 388 करोड़ रुपये का निवेश स्वयं करेगी. दूसरी कंपनी ने 127 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी. परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के तहत डीबीएफओटी मॉडल पर विकसित किया जाएगा.

नगर निकायों को खुद पहुंचाना होगा रोज 400 टन कचरा

प्लांट के संचालन के बाद पटना नगर निगम सहित सभी 13 नगर निकायों को अपना कचरा रामचक बैरिया तक पहुंचाने की जिम्मेदारी खुद निभानी होगी. इसके लिए पटना नगर निगम और संबंधित 12 नगर निकायों के बीच जल्द ही एमओयू किया जाएगा. इस संबंध में अपर नगर आयुक्त और सभी निकायों के अधिकारियों के बीच बैठक भी हो चुकी है.

बिजली और गैस बेचकर होगी कमाई

कंपनी कचरे से तैयार होने वाली बिजली और कंप्रेस्ड बायोगैस बेचकर अपनी लागत की भरपाई करेगी. इसके लिए बिहार सरकार और बिजली विभाग के साथ अलग से समझौता किया जाएगा. प्लांट निर्माण के लिए कंपनी को 30 महीने का समय मिलेगा. परियोजना और जमीन 22 वर्षों की लीज पर कंपनी को दी जाएगी. इसके बाद पूरा प्लांट नगर निगम को सौंप दिया जाएगा, जिससे भविष्य में बिजली बिक्री से होने वाली आय सीधे निगम को मिलेगी.

1600 टन प्रतिदिन कचरा प्रोसेस करने की होगी क्षमता

वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की क्षमता प्रतिदिन 1600 टन कचरा प्रोसेस करने की होगी. वर्तमान में पटना और आसपास के नगर निकायों से रोजाना लगभग 1200 से 1300 टन कचरा निकलता है. वर्ष 2030 और उसके बाद बढ़ती आबादी और कचरे की मात्रा को देखते हुए प्लांट की क्षमता पहले से अधिक रखी गई है.

छह अंचलों में बनेंगे गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन

कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए शहर के छह अंचलों में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन (GTS) बनाए जा रहे हैं. यहां कचरे का प्राथमिक स्तर पर पृथक्करण किया जाएगा, जिसके बाद उसे बैरिया स्थित प्लांट तक भेजा जाएगा. हालांकि जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण पटना सिटी और अजीमाबाद अंचल में जीटीएस का निर्माण फिलहाल संभव नहीं हो सका है.

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं

इस परियोजना के तहत 15 मेगावाट क्षमता का वेस्ट टू एनर्जी विद्युत संयंत्र लगाया जाएगा. इसके अलावा 100 टन प्रतिदिन क्षमता का बायो-मीथेनेशन प्लांट स्थापित होगा. 700 टन प्रतिदिन क्षमता की कम्पोस्टिंग सुविधा जैविक कचरे से खाद तैयार करेगी. वहीं सूखे कचरे के निस्तारण और रीसाइक्लिंग के लिए 250 टन प्रतिदिन क्षमता की तीन तथा 50 टन क्षमता की एक मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) बनाई जाएगी.

वैज्ञानिक तरीके से होगा कचरे का निस्तारण

प्लांट में कचरे के निपटान और रीसाइक्लिंग के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा. सबसे पहले एमआरएफ प्लांट में गीले और सूखे कचरे को अलग किया जाएगा. इसके बाद गीले कचरे से कम्पोस्ट खाद और कंप्रेस्ड बायोगैस तैयार की जाएगी, जबकि सूखे कचरे का पुनर्चक्रण किया जाएगा. इससे कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण होने के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा.

प्रीति जिंटा की फिल्म के एक डायलॉग ने बचाई थी मेरी जान, मम्मी कराने जा रही थीं अबोर्शन: संचिता बसु


विज्ञापन
हिमांशु देव

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन