नवादा में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत, चचेरे भाई की हालत गंभीर
अस्पताल में पहुंचें परिजन
नवादा में रविवार रात सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों बाइक से घर लौट रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. घायल युवक का इलाज पावापुरी अस्पताल में चल रहा है.
Nawada Road Accident : रविवार की रात नवादा में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा नेमदरगंज थाना क्षेत्र के फरहा ओवरब्रिज के पास हुआ. दोनों युवक बाइक से नवादा से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में मौके पर ही चली गयी जान
मृतक की पहचान दीरी गांव निवासी गुलशन कुमार, पिता रविंद्र यादव के रूप में हुई है. बताया गया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुलशन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं बाइक पर सवार उनके चचेरे भाई लक्ष्मण यादव गंभीर रूप से घायल हो गये.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने घायल लक्ष्मण यादव को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पावापुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुरानी बाजार की दुकान में करते थे काम
परिजनों के अनुसार गुलशन कुमार और लक्ष्मण यादव चचेरे भाई थे. दोनों नवादा के पुरानी बाजार स्थित एक दुकान में काम करते थे. रविवार को भी दोनों काम खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर के लिए निकले थे. इसी दौरान फरहा ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.
मृतक के चाचा लालू कुमार ने बताया कि दोनों युवक प्रतिदिन काम करने के बाद साथ में घर लौटते थे. रविवार की रात भी दोनों इसी तरह घर जा रहे थे. इसी दौरान हादसा हो गया.
युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम
गुलशन कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं घायल लक्ष्मण यादव की हालत गंभीर बतायी जा रही है और उनका इलाज पावापुरी अस्पताल में चल रहा है.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है. फिलहाल वाहन की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के इलाके में घटना से जुड़े सुराग जुटा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए