फुआ को निमंत्रण नहीं देने का विवाद बना मौत की वजह? महिला की संदिग्ध मौत, बेटे ने परिजनों पर लगाया हत्या का आरोप

Author Vishal kumar|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
महिला की संदिग्ध मौत, बेटे ने परिवार पर पीट-पीट कर हत्या का लगाया आरोप

मृतक के घर पर जांच के लिए पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network

नवादा जिले के हजरतपुर गांव में 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के बेटे ने पारिवारिक कलह में हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

विज्ञापन

Nawada News: नरहट थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव में 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के बेटे ने पारिवारिक विवाद में पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप अपने ही परिजनों पर लगाया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

मृतका की पहचान हजरतपुर गांव निवासी बाल्मीकि चौधरी की पत्नी पुतुल देवी के रूप में हुई है. उनके पति दक्षिण अफ्रीका में वेल्डर का काम करते हैं. उनका पुत्र भूपेश कुमार हिसुआ में रहकर पढ़ाई करता है. घटना के समय महिला घर पर अकेली थी.

भूपेश कुमार का आरोप है कि करीब दो माह पहले उसकी बहन की शादी और उससे पहले हुए मुंडन संस्कार में फुआ को निमंत्रण नहीं दिए जाने को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था. गुरुवार की शाम इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद बाबा, चाचा (देवर) और भैसूर ने मिलकर उसकी मां की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई. आरोप है कि घटना के बाद सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए.

सूचना मिलने पर नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद किया है. सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत पिटाई से हुई या किसी अन्य कारण से. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

उन्होंने बताया कि देर शाम तक पुलिस को इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मृतका अपने पीछे पति, 20 वर्षीय पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी. फिलहाल, परिजनों के घर छोड़कर चले जाने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन