नवादा : पेड़ गिरने से तहस-नहस हुआ रजौली ब्लॉक ऑफिस बिल्डिंग, सोलर पैनल टूटा, बिजली कटी, कई बाइक को नुकसान
प्रखंड कार्यालय भवन पर गिरा विशालकाय पेड़ | Prabhat Khabar Network
नवादा के रजौली ब्लॉक परिसर में अचानक तेज आंधी-तूफान ने कहर बरपाया. एक विशाल सीमर का पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे सरकारी भवन की छत पर जा गिरा, जिससे अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई, लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान हुआ.
Rajauli Block Office : नवादा के रजौली ब्लॉक परिसर में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण एक विशालकाय सीमर का पेड़ अचानक उखड़कर सरकारी कार्यालय भवन की छत पर जा गिरा. जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई. इससे प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हुआ.
Rajauli Block Office : कितना हुआ नुकसान?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ का भारी-भरकम तना सीधे भवन के ऊपर आ गिरा, जिससे छत को नुकसान पहुंचा है. उस पर स्थापित सोलर पैनल तथा संरचनाएं भी इसकी चपेट में आ गईं. साथ ही पेड़ के भारी दबाव से ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार टूटकर लटक गए और विद्युत नेटवर्क ध्वस्त होने से ब्लॉक परिसर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. नीचे खड़ी मोटरसाइकिलें भी टहनियों के नीचे दब गईं.
मामले की पुष्टि करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि सुबह-सुबह तेज आंधी और बारिश के कारण यह पेड़ गिरा था, लेकिन गनीमत रही कि घटना के वक्त भवन के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.
बीडीओ ने कहा कि भवन की दीवार और संरचना को केवल थोड़ा आंशिक नुकसान पहुंचा है. घटना के तुरंत बाद वन विभाग से समन्वय स्थापित कर पेड़ को कटवाकर परिसर से पूरी तरह हटवा दिया गया है. फिलहाल विद्युत आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल करने और व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए मरम्मत कार्य तेजी से जारी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए